June 19 2026 07:04 am

अब राज्य की सड़कों पर सफर होगा और आसान: 107 हाईवे होंगे चौड़े, खर्च होंगे 9057 करोड़

Post

India News Live, Digital Desk:उत्तर प्रदेश में सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरकार ने प्रदेश के 107 राज्यमार्गों को चौड़ा करने की तैयारी कर ली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन सड़कों को कम से कम 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। अभी ये अधिकतर सड़कें सिर्फ 7 मीटर चौड़ी हैं, जिन पर भारी यातायात और पास की बढ़ती आबादी की वजह से जाम की समस्या बनी रहती है।

सबसे संकरी सड़क हमीरपुर-राठ-गुरसहाय-झांसी मार्ग है, जो केवल 3.75 मीटर चौड़ी है। इसे भी अब 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस पूरे चौड़ीकरण अभियान में करीब 9057 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सीएम योगी की सख्त नजर
प्रदेश में कुल 142 राज्य मार्ग हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जो लोक निर्माण विभाग के मंत्री भी हैं, उन्होंने पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर हर जिले के अनुसार कार्ययोजना बनाई जाए। हालांकि यह काम पिछले साल ही होना था, लेकिन समय पर योजना न बन पाने के कारण प्रक्रिया लटक गई। इस पर सीएम ने अफसरों की क्लास भी लगाई और दोबारा से नए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

कहां-कहां की सड़कों पर होगा काम?
PWD के पास फिलहाल 484 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध है, और प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। सबसे ज्यादा 7 सड़कें बदायूं जिले की हैं जिन्हें चौड़ा किया जाएगा। इसके बाद उन्नाव, बुलंदशहर, बिजनौर की 5-5, और बहराइच, कानपुर नगर, रायबरेली, जालौन व लखनऊ की 4-4 सड़कों पर काम होगा।

इसके अलावा जिन जिलों की एक या दो सड़कों को शामिल किया गया है उनमें शामिल हैं:

1-1 राज्यमार्ग:
मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, अमेठी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, सुलतानपुर, आजमगढ़, हमीरपुर, शाहजहांपुर, संतकबीर नगर, बलरामपुर, गोरखपुर, झांसी, औरैया, कन्नौज, लखीमपुर खीरी, भदोही, फतेहपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, चंदौली, जौनपुर।

2-2 राज्यमार्ग:
आगरा, फिरोजाबाद, बंदा, सिद्धार्थनगर, गोंडा, देवरिया, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, हरदोई, सोनभद्र, अमरोहा, संभल।

3-3 राज्यमार्ग:
सीतापुर, मेरठ, मीरजापुर, मुरादाबाद, कौशांबी, वाराणसी।

कैसे चुने गए ये मार्ग?
PWD ने इन सड़कों को चौड़ा करने का फैसला यातायात के दबाव और आसपास की जनसंख्या के आधार पर लिया है। जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मिले सुझावों के बाद सर्वे कराया गया, जिसके आधार पर इन 107 मार्गों की सूची बनाई गई है।