महंगे डाइट नहीं, घर का सादा खाना है बिग बी की सेहत का मंत्र
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-08 16:57:00
India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 82 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस और ऊर्जा से सभी को प्रेरित करते हैं। उनका जोश देखकर अक्सर लोग सोचते हैं कि आखिर वो इतनी उम्र में भी इतने स्वस्थ कैसे रहते हैं। इसका जवाब खुद बिग बी ने एक पुराने इंटरव्यू में दिया था। उन्होंने बताया कि उनकी सेहत का राज किसी महंगे डाइट प्लान या सप्लीमेंट में नहीं, बल्कि साधारण भारतीय खाने में छिपा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन ने अपने पसंदीदा भोजन का ज़िक्र किया। वे कहते हैं कि उन्हें सादा देसी खाना सबसे ज़्यादा पसंद है, जिसमें दाल-चावल और आलू की सब्ज़ी उनकी फेवरेट डिश है। यही साधारण और पौष्टिक भोजन उनकी सेहत का आधार है।
शाकाहारी और घर के खाने के समर्थक
अमिताभ बच्चन हमेशा से शाकाहारी भोजन को महत्व देते आए हैं। वे ज़्यादातर घर का बना हल्का और आसानी से पचने वाला खाना ही पसंद करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1982 में फिल्म ‘कुली’ के सेट पर हुए हादसे के बाद उन्होंने अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया था। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर पेट की चोट आई थी। तब से उन्होंने ऐसा खाना अपनाया जो पेट के लिए लाभदायक हो और शरीर को संतुलित रखे।
साधारण जीवनशैली, मजबूत सेहत
अमिताभ बच्चन की जीवनशैली साबित करती है कि स्वस्थ रहने के लिए महंगे सुपरफूड्स की नहीं, बल्कि घर के बने पौष्टिक भोजन, समय पर खाने और अनुशासित दिनचर्या की ज़रूरत होती है। यही वजह है कि वे आज भी फिल्मों और टीवी शोज़ में सक्रिय हैं और अपनी मेहनत और फिटनेस से नई पीढ़ी को भी कड़ी टक्कर देते हैं।