बिहार में नया मंत्रिमंडल बंटवारा: पहली बार नीतीश के पास गृह विभाग नहीं, सम्राट चौधरी बने नए गृहमंत्री
India News Live,Digital Desk : बिहार में मंत्रियों के विभाग बांट दिए गए हैं और इस बार सरकार की तस्वीर कई बड़े बदलावों के साथ सामने आई है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास पहली बार गृह विभाग नहीं है। यह अहम जिम्मेदारी अब उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी को दी गई है।
वहीं दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व विभाग के साथ खान एवं भू-तत्व विभाग की जिम्मेदारी मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल अब उद्योग विभाग की कमान संभालेंगे।
जदयू कोटे से आए मंत्रियों को भी इस बार बड़े विभाग मिले हैं। वित्त और वाणिज्यकर जैसा महत्वपूर्ण विभाग अब बिजेंद्र यादव को सौंपा गया है। वे ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी भी देखते रहेंगे।
मंगल पांडेय एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की कमान संभालेंगे। इसके साथ उन्हें विधि विभाग का दायित्व भी दिया गया है। नितिन नवीन को पथ निर्माण और नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
राम कृपाल यादव कृषि मंत्री बनाए गए हैं जबकि संजय टाइगर को श्रम संसाधन विभाग मिला है। अरुण शंकर प्रसाद पर्यटन और कला-संस्कृति मंत्रालय संभालेंगे। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की जिम्मेदारी सुरेंद्र मेहता को दी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग नारायण प्रसाद को मिला है और रमा निषाद पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय देखेंगी। अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग लखेंद्र पासवान संभालेंगे।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन के साथ सहकारिता विभाग डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी को दिया गया है। चिराग पासवान की पार्टी से संजय सिंह को PHED और संजय पासवान को गन्ना उद्योग विभाग मिला है।
सबसे खास नामों में से एक है अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह, जिन्हें सूचना प्रौद्योगिकी और खेल विभाग का मंत्री बनाया गया है।
जदयू के सुनील कुमार फिर से शिक्षा विभाग संभालेंगे और लेशी सिंह खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग देखेंगी। विजय चौधरी को जल संसाधन, भवन निर्माण और संसदीय कार्य विभागों की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाज कल्याण विभाग मदन सहनी, ग्रामीण कार्य अशोक चौधरी, और ग्रामीण विकास विभाग श्रवण कुमार को मिला है। उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को पंचायती राज मंत्रालय दिया गया है।
HAM के अध्यक्ष संतोष सुमन को लघु जल संसाधन मंत्रालय मिला है और जमा खान अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की कमान संभालेंगे।
मंत्रालयों के इस नए बंटवारे को लेकर सचिवालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।