मानसून की विदाई शुरू, कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
India News Live,Digital Desk : देशभर में मानसून धीरे-धीरे विदा लेने लगा है, लेकिन कुछ हिस्सों में यह अपने आखिरी दौर में सक्रिय दिख रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी बनी हुई है, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल और अन्य पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी भी कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
पूर्वोत्तर और बंगाल में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, 19 से 23 सितंबर के बीच पूर्वोत्तर राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी 19 और 20 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर को राजधानी में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, कुछ स्थानों पर आंशिक बादल रह सकते हैं। 22 सितंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में मौसम की जानकारी
उत्तर प्रदेश में मौसम थोड़ा बदल रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 सितंबर को छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है।
20 और 21 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में बौछारें पड़ सकती हैं।
बिहार में हल्की से मध्यम बारिश
बिहार के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20, 23 और 24 सितंबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। उमस भरी गर्मी भी अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।
उत्तर भारत में अगले दिनों का पूर्वानुमान
उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, वहीं शनिवार को भी हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 19 और 20 सितंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज सतही हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के चलते मौसम सक्रिय रहेगा।