मेटा ने एंटी-स्कैम कैंपेन लॉन्च किया
मेटा ने I4C और सेबी के सहयोग से अपना एंटी-स्कैम कैंपेन लॉन्च किया
- कंपनी ने नीना गुप्ता अभिनीत एक फिल्म के साथ अपने तीसरे एडिशन में एंटी-स्कैम कैंपेन शुरू किया
- यह शैक्षणिक अभियान पूरे साल चलेगा, जिसमें क्षेत्रीय क्रिएटर साझेदारी जैसी विभिन्न पहलें होंगी जो लोगों को ऑनलाइन स्कैम्स से लड़ने मे सशक्त बनाएंगी
नई दिल्ली, 4 फरवरी 2026 | मेटा ने आज अपना एंटी-स्कैम कैंपेन ‘स्कैम से बचो’ लॉन्च किया है। यह एक मशहूर डिजिटल जागरूकता कैंपेन है जो आम ऑनलाइन स्कैम्स पहचानने, उन पर सवाल उठाने और रिपोर्ट करने में लोगों की मदद करेगा। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के साथ साझेदारी में शुरू की गई इस पहल में जानीमानी अभिनेत्री नीना गुप्ता के अलावा प्रमुख डिजिटल क्रिएटर्स नजर आएंगे। ये सभी सतर्क रहने और सुरक्षित ऑनलाइन प्रैक्टिस को बढ़ावा देने में लोगों की सहायता करेंगे।
फिल्म यहां देखें : https://www.facebook.com/share/v/17qUgqVsVP/?mibextid=wwXIfr
मेटा के फ्लैगशिप एंटी-स्कैम कैंपेन का यह तीसरा एडिशन है जिसमें डिजिटल फ्रॉड और स्कैम्स से लड़ने के लिए मेटा की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों पर जोर दिया गया है। कैंपेन में स्कैम के कुछ सबसे आम प्रकारों को दर्शाया गया है, जैसे कि अपफ्रंट फीस मांगने वाले फेक जॉब ऑफर्स, सरकारी या कानून प्रवर्तन अधिकारियों का रूप धारण करने वाले डिजिटल अरेस्ट स्कैम्स, और गारंटीड या ओवरनाइट रिटर्न्स का वादा करने वाली फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम्स। कैंपेन की फिल्म एक हल्के-फुल्के लेकिन सावधान करने वाले अंदाज़ में बनाई गई है। इसमें मज़ाकिया और रोज़मर्रा की बातों का इस्तेमाल करके आसानी से समझाया गया है कि स्कैम करने वाले अक्सर अपने आपको "बड़ा मौका", "अधिकारी" या "जल्दी करो" जैसा दिखाकर लोगों को फंसाते हैं।
फिल्म में नीना गुप्ता के साथ-साथ लोकप्रिय क्रिएटर्स सुकृति चतुर्वेदी, युवराज दुआ और श्रेयस मेंदिरत्ता नजर आयेंगे। यह फिल्म वास्तविक दुनिया के परिदृश्यों और रोजमर्रा की बातचीत से प्रेरित है, जो स्कैमर्स द्वारा बनाई गई फेक अर्जेंसी, अथॉरिटी या भरोसे को दिखाती है – और यह कई ऑनलाइन फर्जीवाड़ों में एक कॉमन पैटर्न है। कैंपेन लोगों से अपील करता है कि वे कोई एक्शन लेने से पहले सवाल करें और उपलब्ध सेफ्टी टूल्स तथा रिपोर्टिंग प्रणाली का इस्तेमाल करके खुद की और दूसरों की सुरक्षा करें।
सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के चेयरमैन श्री तुहिन कांत पांडे ने मेटा के साथ स्कैम जागरूकता अभियान की ज़रूरत पर जोर देते हुए कहा, “अब फाइनेंशियल स्कैम वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके लोगों को झूठे-झूठे वैध होने के दावे और बहुत ज़्यादा रिटर्न का वादा करके ठग रहे हैं। लोगों को बहुत सावधान रहना चाहिए। किसी भी निवेश का फैसला लेने से पहले सिर्फ़ सेबी-रजिस्टर्ड कंपनियों या संस्थाओं के साथ ही काम करना चाहिए। मेटा का यह एंटी-स्कैम अभियान आजकल लगातार बढ़ रही फाइनेंशियल धोखाधड़ी के बीच लोगों को जागरूक करने के लिए बहुत ज़रूरी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम धोखाधड़ी के नुकसान को कम करने, निवेशकों की सुरक्षा करने और लोगों की मेहनत की कमाई को बचाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं।”
कैंपेन से जुड़ने के बारे में अपनी बात रखते हुए, अभिनेत्री नीना गुप्ता ने कहा, “आज के स्कैम्स हमेशा खतरनाक नहीं दिखते – वे अक्सर दोस्ताना, अर्जेंट और विश्वसनीय लगते हैं। मैं मेटा की एंटी-स्कैम पहल को सपोर्ट करने पर गर्व महसूस कर रही हूं क्योंकि जागरूकता खुद को और अपने प्रियजनों को ऑनलाइन स्कैम्स से बचाने का सबसे पहला कदम है। यह एजुकेशनल फिल्म लोगों को बड़े ही दोस्ताना अंदाज में यह याद दिलाती है कि कोई भी एक्शन लेने से पहले रुकें, सवाल करें और उसे सत्यापित करें – और निश्चित रूप से मेटा के सेफ्टी टूल्स का इस्तेमाल करें, जो आपकी सुरक्षा को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए हैं। मुझे उम्मीद है कि यह मैसेज पूरे भारत में लाखों लोगों तक पहुंचेगा और संदिग्ध स्थितियों में लोगों को पूरे आत्मविश्वास के साथ तैयार महसूस कराएगा।”
‘स्कैम से बचो’ कैंपेन के नए एडिशन की मदद से, मेटा ने क्रिएटर्स और सरकारी हितधारकों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग जारी रखा है ताकि डिजिटल सुरक्षा की जानकारी सुलभ, आकर्षक और कारगर बनाई जा सके। कैंपेन स्कैम्स की रिपोर्ट दर्ज कराने के महत्व को भी दोहराता है और यूजर्स को उनके साथ धोखाधड़ी होने पर नेशनल साइबरक्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने के लिए प्रोत्साहित करता है।