Major train accident in Spain : दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, 39 की मौत, 73 यात्री घायल
India News Live,Digital Desk : दक्षिणी स्पेन में रविवार को एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक हाई-स्पीड ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा जाने के कारण कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि 73 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गलत ट्रैक पर चली ट्रेन, सामने से हुई टक्कर
स्पेन की रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर संस्था एडीआईएफ (ADIF) के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही शाम की ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और पास वाले ट्रैक पर पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही मैड्रिड से हुएलवा जाने वाली दूसरी ट्रेन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनें पटरी से उतर गईं।
कॉर्डोबा के पास एडम्यूज स्टेशन के नजदीक हादसा
यह दुर्घटना कॉर्डोबा प्रांत में एडम्यूज स्टेशन के पास शाम करीब 5:40 बजे GMT (भारतीय समयानुसार रात 11:10 बजे) हुई। ADIF ने बताया कि इर्यो 6189 मलागा-मैड्रिड हाई-स्पीड ट्रेन एडम्यूज के पास पटरी से उतरी और बगल वाले ट्रैक पर चली गई, जहां पहले से मैड्रिड-हुएलवा रूट की ट्रेन मौजूद थी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सभी रेल सेवाएं रोकी गईं
हादसे के तुरंत बाद अंडालूसिया इमरजेंसी सर्विसेज को अलर्ट किया गया। सोशल मीडिया पर जारी बयान में बताया गया कि सभी रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में जुटे हैं। कई यात्रियों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है।
मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रूट प्रभावित
इस हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं। हालांकि, रेलवे प्रशासन के अनुसार मैड्रिड, टोलेडो, स्यूदाद रियल और पुएर्टोल्लानो के बीच चलने वाली कमर्शियल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
इटैलियन कंपनी संचालित करती है इर्यो ट्रेन
बताया गया है कि हादसे का शिकार हुई इर्यो ट्रेन एक इटैलियन-संचालित निजी रेल ऑपरेटर द्वारा चलाई जाती है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी खामी या सिग्नल फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
एक हफ्ते में दूसरा बड़ा रेल हादसा
गौरतलब है कि इस हफ्ते की शुरुआत में थाईलैंड में भी ट्रेन पटरी से उतरने की एक बड़ी घटना सामने आई थी, जहां क्रेन गिरने के कारण ट्रेन हादसे का शिकार हुई थी। उस घटना में भी 39 लोगों की मौत और 73 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई थी।