June 18 2026 04:34 pm

महावतार नरसिम्हा ने तोड़ा द लायन किंग का रिकॉर्ड, बनी भारत की सबसे बड़ी एनिमेटेड फिल्म

Post

India News Live,Digital Desk : पौराणिक कथा पर आधारित एनिमेटेड फिल्म महावतार नरसिम्हा बॉक्स ऑफिस पर लगातार धूम मचा रही है। रिलीज़ के पहले दिन से ही यह फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा में है और हर दिन नए कीर्तिमान बना रही है। अब 17वें दिन के कलेक्शन के साथ इसने एक बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया है।

ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, अश्विन कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 17वें दिन 19.24 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 165.14 करोड़ रुपये हो गया। इस उपलब्धि के साथ महावतार नरसिम्हा ने हॉलीवुड की सुपरहिट एनिमेटेड फिल्म द लायन किंग (भारत में 158 करोड़) को पछाड़ दिया है और अब यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म बन गई है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म 182 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

25 जुलाई को रिलीज़ हुई इस फिल्म ने सैंया, सन ऑफ सरदार 2 और धड़क 2 जैसी फिल्मों के बीच भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई रखी। हालांकि, 14 अगस्त को कुली और वॉर 2 जैसी बड़ी फिल्मों के आने के बाद इसकी कमाई पर असर पड़ सकता है, लेकिन तब तक यह कुछ और रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

दिलचस्प बात यह है कि होम्बले फिल्म्स और क्लेम प्रोडक्शंस ने इस एनिमेटेड फ्रेंचाइज़ी की बाकी फिल्मों की योजना भी साझा कर दी है, जो भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित होंगी। इस श्रृंखला की पहली फिल्म महावतार नरसिम्हा है, इसके बाद 2027 में महावतार परशुराम, 2029 में महावतार रघुनंदन, 2031 में महावतार धाकवदेश, 2033 में महावतार गोकुलानंद, 2035 में महावतार कल्कि पार्ट 1 और 2037 में महावतार कल्कि पार्ट 2 रिलीज़ होंगी। फिल्म में आदित्य राज शर्मा, हरिप्रिया मट्टा और प्रियंका भंडारी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।