राजा रघुवंशी मर्डर केस में सामने आए नए राज, सोनम की कॉल डिटेल से खुला शक का पिटारा

Post

India News Live,Digital Desk : राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। शिलांग पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनम के जीवन में सिर्फ राज कुशवाहा ही नहीं, बल्कि एक और शख्स भी मौजूद था। पुलिस को सोनम की कॉल डिटेल से एक संजय वर्मा नाम के व्यक्ति का संदिग्ध मोबाइल नंबर मिला है, जिससे सोनम ने सिर्फ मार्च महीने में 234 बार बात की। कई बार ये बातचीत देर रात तक चलती थी। यह नंबर फिलहाल बंद है और इसकी आखिरी लोकेशन इंदौर के जवाहर मार्ग इलाके में पाई गई है। अब शिलांग पुलिस ने इस संदिग्ध नंबर की जांच के लिए इंदौर पुलिस से सहयोग मांगा है।

इस केस में एक और बड़ा अपडेट यह है कि राजा की हत्या में इस्तेमाल किया गया दूसरा हथियार भी बरामद कर लिया गया है। अब तक पुलिस को सोनम और अन्य आरोपियों के कुल तीन मोबाइल फोन मिल चुके हैं। पूछताछ में सोनम और राज के बयान भी एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे, जिससे शक और गहरा गया है। इसी वजह से अब सोनम के भाई गोविंद को भी शिलांग ले जाकर आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।

शिलांग पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने बुधवार को इंदौर में सोनम के माता-पिता और भाई से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने सोनम के कमरे में सूटकेस, अलमारी और दराजों की तलाशी भी ली। शुरुआत में तीनों से साथ में पूछताछ की गई, लेकिन जवाबों में विरोधाभास मिलने के बाद गोविंद को अलग कर फिर से पूछताछ की गई।

SIT टीम गोविंद के ऑफिस भी पहुंची, जहां सोनम भी कामकाज संभालती थी। पुलिस वहां हवाला कारोबार से जुड़े सुराग तलाश रही थी। जब ऑफिस के कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि वहां शेयर मार्केट से संबंधित काम होता है। इस पर एक अधिकारी ने एक कर्मचारी को डांटते हुए कहा कि यह हवाला कारोबार का अड्डा है और यहीं से राज रुपये का लेनदेन करता था। सोनम उसे 'दस का नोट' कोडवर्ड में मैसेज भेजती थी। बाद में टीम गोविंद के गोदाम भी गई, जहां से राज का आना-जाना सामने आया।

इस बीच एक और दुखद खबर सामने आई है—राज की गिरफ्तारी की खबर सुनकर उसकी 80 साल की दादी रामलली ने सदमे में दम तोड़ दिया। यूपी के फतेहपुर की रहने वाली रामलली ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि उनका पोता राज बेगुनाह है और उसे झूठा फंसाया जा रहा है। उनके पति दरबारी सिंह ने बताया कि पोते की गिरफ्तारी ने रामलली को पूरी तरह तोड़ दिया था।