BREAKING:
August 19 2026 08:13 am

न्यूयॉर्क में जयशंकर-रुबियो की मुलाकात, Indo-US रिश्तों पर बड़ा असर

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिका द्वारा एच-1बी वीज़ा शुल्क में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों से उपजे तनाव के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार रात अपने अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो से मुलाकात की। यह बैठक न्यूयॉर्क के लोटे पैलेस होटल में हुई, जहां दोनों नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की 80वीं उच्च-स्तरीय बैठक से इतर मिले।

इस मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों में भरोसे को फिर से मजबूत करने और बढ़ते व्यापारिक तनाव को कम करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। साथ ही, इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र और अन्य वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने का अवसर भी देखा जा रहा है।

जुलाई के बाद पहली सीधी बातचीत

जयशंकर और रुबियो की पिछली मुलाकात जुलाई में वाशिंगटन डीसी में हुई थी। उस समय क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में दोनों नेताओं ने संबंधों को और बेहतर बनाने पर सहमति जताई थी। जयशंकर रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे और अब वह कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में शामिल होंगे। इसके अलावा, 27 सितंबर को वह संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भाषण भी देंगे।

किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

हालांकि दोनों पक्षों ने मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया, लेकिन माना जा रहा है कि टैरिफ और वीज़ा शुल्क जैसे मुद्दे चर्चा का मुख्य हिस्सा रहे होंगे। दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप ने 28 अगस्त को रूस से तेल खरीदने के चलते भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया था। इसके बाद भारत पर कुल टैरिफ दर 50% तक पहुँच गई। इसी फैसले के बाद जयशंकर और रुबियो की यह पहली आमने-सामने की बातचीत थी।

रिश्तों में सुधार की उम्मीद

अमेरिकी विदेश विभाग ने 21 सितंबर को जयशंकर की यात्रा की घोषणा करते हुए कहा था कि यह दौरा भारत-अमेरिका रिश्तों को और मज़बूत करने के प्रयासों का हिस्सा है। हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा है, लेकिन अब इन मुलाकातों से रिश्तों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।