यूपी-बिहार में भी बरसेगा मोंथा का असर, मौसम हुआ सुहाना लेकिन बारिश जारी
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-28 17:10:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि चक्रवात ‘मोंथा’ आज यानी मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इस दौरान तेज हवाएं 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी, जिससे तटीय इलाकों में भारी नुकसान की आशंका है।
IMD के अनुसार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मोंथा का सबसे ज़्यादा असर देखने को मिलेगा। राज्य प्रशासन ने लोगों से समुद्र किनारों से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल बंद कर दिए गए हैं और कई फ्लाइट्स रद्द की गई हैं।
रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है। साउथ सेंट्रल रेलवे के विजयवाड़ा डिवीजन के तहत आने वाली 54 ट्रेनों को स्थगित किया गया है।
कहां-कहां जारी है अलर्ट
मौसम विभाग ने पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली और मुलुगु जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर-पूर्वी इलाकों में यलो अलर्ट दिया गया है।
ओडिशा में अगले दो-तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में भी असर दिखेगा?
मोंथा के साथ ही एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी सक्रिय है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और बादल बने रहेंगे। इससे मौसम सुहाना रहेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
यूपी-बिहार में भी पहुंचेगा मोंथा का असर
IMD के मुताबिक, बिहार में मोंथा का असर देखने को मिलेगा क्योंकि यह ओडिशा का पड़ोसी राज्य है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी इसके हल्के प्रभाव से बारिश जारी है।
बांदा और आसपास के जिलों में हल्की बारिश हुई है, जबकि लखनऊ में बूंदाबांदी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, रात में तापमान बढ़ने से उमस फिर लौट आई।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के 50 से अधिक जिलों में मंगलवार से गुरुवार तक हल्की बारिश की संभावना है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है।