June 18 2026 09:37 am

अमेरिका की टैरिफ धमकी पर भारत का जवाब, F-35 फाइटर जेट डील रद्द

Post

India News Live,Digital Desk : भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों में खटास एक बार फिर बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के ऐलान के बाद दोनों देशों के व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों में तनातनी देखी जा रही है। इसी कड़ी में भारत ने अमेरिका से F-35 स्टील्थ फाइटर जेट खरीदने का सौदा रद्द कर दिया है।

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने स्पष्ट रूप से अमेरिका को यह संदेश दे दिया है कि अब वह F-35 विमान खरीदने में दिलचस्पी नहीं रखता। इसे भारत की ओर से एक सधी हुई लेकिन असरदार जवाबी कार्रवाई माना जा रहा है।

ट्रंप ने यह डील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान प्रस्तावित की थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने भारत पर ‘कम ट्रेड’ और ‘ज्यादा टैरिफ’ लगाने का आरोप भी लगाया था।

भारत की रणनीति - जवाब नहीं, समझदारी

सरकारी सूत्रों के अनुसार, भारत फिलहाल अमेरिका के टैरिफ फैसले पर कोई सीधे टकराव वाला जवाब नहीं देगा। इसके बजाय, सरकार ऐसे विकल्पों पर काम कर रही है जिससे व्हाइट हाउस को संतुलन का संकेत मिले और बातचीत की राह खुली रहे।

भारत की योजना है कि आने वाले 3-4 वर्षों में अमेरिका से प्राकृतिक गैस, दूरसंचार उपकरण और सोने का आयात बढ़ाकर व्यापार घाटे को संतुलित किया जाए। इससे न केवल व्यापार में स्थिरता आएगी, बल्कि अमेरिका के साथ बातचीत का माहौल भी बना रहेगा।