BREAKING:
July 28 2026 07:16 pm

केरल तट पर जलते जहाज से भारतीय नौसेना ने बचाई 18 जानें, चीन ने जताया आभार

Post

India News Live, Digital Desk: केरल के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा उस समय हुआ जब सिंगापुर के झंडे वाला एक जहाज एमवी वान हाई 503 आग की चपेट में आ गया। यह जहाज कोलंबो से मुंबई की ओर जा रहा था, लेकिन कोझिकोड के तट से करीब 70 समुद्री मील दूर इसके एक कंटेनर में अचानक धमाका हुआ। देखते ही देखते आग ने जहाज को घेर लिया।

जहाज में कुल 22 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 14 चीन के नागरिक थे, जिनमें 6 ताइवान के थे। हादसे के बाद भारतीय नौसेना और मुंबई तटरक्षक बल ने तत्परता से राहत अभियान चलाया और 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 4 लोग अब भी लापता हैं और 5 घायल हुए हैं।

इस साहसिक बचाव प्रयास के लिए चीन ने भारत का आभार जताया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने जान जोखिम में डालकर हमारे नागरिकों को बचाया, इसके लिए हम उनके आभारी हैं।

फिलहाल जहाज डूब चुका है और समुद्र में संभावित तेल रिसाव को लेकर खतरा बना हुआ है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने इसके मलबे और संभावित बहाव के पैटर्न पर नजर रखने के लिए SARAT सिस्टम सक्रिय कर दिया है।

हालांकि अब तक तेल रिसाव की मात्रा की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून से 13 जून तक इसका असर तटीय इलाकों तक पहुंच सकता है। संबंधित एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।