भारत बना ऊर्जा का महाशक्ति देश, अब दुनिया के टॉप-5 रिफाइनिंग राष्ट्रों में शामिल

Post

India News Live,Digital Desk : भारत अब ऊर्जा क्षेत्र में एक नई पहचान बना चुका है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को बताया कि भारत अपनी 23 आधुनिक रिफाइनरियों और 258.2 एमएमटीपीए (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष) की कुल क्षमता के साथ दुनिया के शीर्ष पांच रिफाइनिंग देशों में जगह बना चुका है।

पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कहा,

“भारत की तेल रिफाइनिंग की कहानी विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता की कहानी है। घरेलू जरूरतों को पूरा करने से लेकर वैश्विक बाजारों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने तक यह यात्रा बेहद प्रेरक रही है।”

ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की झलक

हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि 2024-25 में भारत का पेट्रोलियम उत्पाद निर्यात 6.47 करोड़ टन तक पहुंच गया है, जो 2014-15 में 5.55 करोड़ टन था।
उन्होंने कहा कि आज देश की हर रिफाइनरी बीएस-6 मानक का स्वच्छ ईंधन तैयार कर रही है।

मंत्री ने यह भी कहा कि भारत की ऊर्जा रणनीति केवल पारंपरिक ईंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पेट्रोकेमिकल सेक्टर के तेजी से विकास को भी शामिल किया गया है।

विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम

पुरी ने माना कि आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र में पारंपरिक ईंधनों की हिस्सेदारी धीरे-धीरे घटेगी, लेकिन “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए ये ईंधन आने वाले कई दशकों तक देश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

भारत की रिफाइनिंग क्षमता में यह बढ़ोतरी न केवल घरेलू ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि देश को वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक प्रमुख केंद्र भी बना देगी।