IND vs ENG: रोहित-विराट की वापसी भी नहीं टाल पाएगी हार? एजबेस्टन के इस खौफनाक रिकॉर्ड से कांपी टीम इंडिया
टी20 सीरीज में 0-4 से क्लीन स्वीप झेलने के बाद भारतीय टीम अब वनडे सीरीज में साख बचाने के इरादे से उतरी है। 14 जुलाई को एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों की वापसी तो हो गई है, लेकिन मैदान का एक ऐतिहासिक आंकड़ा भारतीय फैंस की रातों की नींद उड़ा रहा है।
एजबेस्टन में 11 साल से अजेय है इंग्लैंड
इस मैदान पर इंग्लिश टीम का पलड़ा बेहद भारी है। साल 2015 से इंग्लैंड यहां पिछले 7 वनडे मैचों से अजेय रहा है। उसने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों को धूल चटाई है। इंग्लैंड का यह चक्रव्यूह तोड़ना रोहित सेना के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
भारत का इतिहास दे रहा है उम्मीद
भले ही पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड का दबदबा रहा हो, लेकिन एजबेस्टन पर इंग्लैंड को आखिरी बार हराने का रिकॉर्ड भारत के ही नाम है। साल 2014 में टीम इंडिया ने यहां अंग्रेजों को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इसके अलावा, भारत ने इस मैदान पर खेले 12 में से 8 मैचों में जीत दर्ज की है, जो टीम इंडिया को मानसिक बढ़त दे सकता है।