नोएडा में पुलिस बनकर करता था उगाही, मुठभेड़ में घायल हुआ फर्जी वर्दीधारी
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-14 17:22:00
India News Live,Digital Desk : नोएडा में शनिवार देर रात एक ऐसा बदमाश पकड़ में आया, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से जबरन पैसे वसूलता था। फेज-3 थाना पुलिस ने टीपीनगर चौराहे पर चेकिंग के दौरान इस आरोपी से मुठभेड़ की। भागने की कोशिश में उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।
इस बदमाश की पहचान मेरठ के किला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के चितवाना शेरपुर गांव निवासी अमित कुमार उर्फ सुक्के के रूप में हुई है, जो इन दिनों नोएडा के बहलोलपुर गांव में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से देसी तमंचा, कारतूस, यूपी पुलिस की वर्दी और एक चोरी की बाइक बरामद की है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अमित पुलिस की टी-शर्ट और वर्दी पहनकर खुद को अफसर बताता था। लोगों को डरा-धमकाकर जेल भेजने की धमकी देता और उनसे पैसे ऐंठता था। इसी तरीके से वह अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, फेज-3 थाने में उसके खिलाफ पहले से भी एक फर्जीवाड़े का केस दर्ज है। इसके अलावा, वह मेरठ में महिला से छेड़छाड़ और धमकी के मामले में जेल भी जा चुका है। रिहा होने के बाद उसने दोबारा अपराध की राह पकड़ ली।
फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने दूसरे राज्यों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है।