June 22 2026 09:23 am

From childhood friendship to love : कुलदीप यादव ने वंशिका संग की सगाई, इसी साल करेंगे शादी

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन स्पिनर और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने वाले कुलदीप यादव ने अपनी जिंदगी के सबसे खास फैसलों में से एक लिया है। उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त और साथी वंशिका से सगाई कर ली है। यह समारोह बुधवार को लखनऊ में एक पारिवारिक माहौल में संपन्न हुआ।

इस निजी समारोह में कुलदीप के करीबी दोस्त, परिजन और यूपी के कुछ जाने-माने क्रिकेटर मौजूद रहे, जिनमें रिंकू सिंह भी शामिल थे। कुलदीप और वंशिका की यह कहानी किसी फिल्मी प्रेमकथा से कम नहीं है। दोनों की जान-पहचान बचपन से है। वक्त के साथ यह दोस्ती प्यार में बदली और अब दोनों ने एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने का फैसला लिया है।

वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं और एलआईसी में कार्यरत हैं। सगाई को लेकर कुछ समय से अटकलें थीं, लेकिन यह किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रस्म कानपुर के बजाय लखनऊ में आयोजित होगी।

शादी की तारीख पहले 29 जून तय थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है, क्योंकि कुलदीप इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे। जानकारी के मुताबिक, शादी इसी साल के अंत तक होने की उम्मीद है।

कुलदीप हमेशा से ही अपनी निजी जिंदगी को सुर्खियों से दूर रखते आए हैं, लेकिन इस बार उन्होंने चुपके से अपने जीवन के इस खास मोड़ को साझा किया। फैंस के लिए यह खबर न सिर्फ चौंकाने वाली रही, बल्कि खुशी देने वाली भी है।