जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से जुड़े करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी मामले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
India News Live, Digital Desk : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी से 16.24 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में व्यवसायी निशित पटेल को गिरफ्तार किया है।
मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में निशित पटेल, महेश पाटिल, रूपेश, सागर मेहता, देवेंद्र पडवाल और अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 341(1), 61(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बीएमसी के सहायक आयुक्त महेश पाटिल समेत कुल छह लोगों को इस धोखाधड़ी मामले में आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि आरोपियों ने प्रमुख बिल्डरों और सरकारी अधिकारियों से संबंध होने का झूठा दावा करके न केवल जाफरी और उनके परिवार को बल्कि कई अन्य कलाकारों, रिश्तेदारों और प्रभावशाली व्यक्तियों को भी अपने जाल में फंसाया और निवेश के अवसरों के बहाने उनसे करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की।
निशित पटेल को आज अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मुंबई पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।