BREAKING:
October 24 2026 09:56 am

TMC के पूर्व दिग्गज नेता दिनेश त्रिवेदी बने बांग्लादेश के नए हाई कमिश्नर, पद संभालते ही पड़ोसी देश की जनता को दी बड़ी सौगात

Post

भारत सरकार ने एक बड़ा रणनीतिक और कूटनीतिक कदम उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व दिग्गज नेता और वर्तमान भाजपा नेता दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का नया हाई कमिश्नर (उच्चायुक्त) नियुक्त किया है। कूटनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी पेशेवर राजनयिक (Career Diplomat) के बजाय एक राजनेता को ढाका में इस बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण पद की कमान सौंपी गई है। नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री का दर्जा मिलने के ठीक एक दिन बाद, 76 वर्षीय दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार (25 जून) को आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने बांग्लादेश की जनता को एक बहुत बड़ा तोहफा भी दे दिया है।

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को सौंपे क्रेडेंशियल्स, मिला गार्ड ऑफ ऑनर

दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को ढाका स्थित बंगभवन प्रेसिडेंशियल पैलेस में बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपने क्रेडेंशियल्स (राजनयिक दस्तावेज) सौंपे। इसके साथ ही बांग्लादेश में उनका राजनयिक सफर आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रेसिडेंट गार्ड रेजिमेंट की एक टुकड़ी ने उन्हें बेहद भव्य 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया। बंगभवन प्रेसिडेंशियल पैलेस के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "भारत के नए उच्चायुक्त ने माननीय राष्ट्रपति को अपने क्रेडेंशियल्स सौंप दिए हैं और ढाका में अपना राजनयिक कार्यभार संभाल लिया है।"

जनता को बड़ी सौगात: लगभग दो साल बाद फिर शुरू होंगे जनरल ट्रैवल वीजा

पदभार संभालने के तुरंत बाद दिनेश त्रिवेदी ढाका में स्थित 'इंडियन वीजा सेंटर' पहुंचे, जहां वे पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया और जनता के सामने आए। उन्होंने घोषणा की कि बांग्लादेशी नागरिकों के लिए जनरल ट्रैवल वीजा (पर्यटन वीजा) की प्रक्रिया को फिर से बहाल किया जा रहा है।

गौरतलब है कि मोहम्मद यूनुस के अंतरिम शासन के दौरान वहां के बिगड़ते सुरक्षा हालात और भारत-बांग्लादेश के बीच पैदा हुए तनाव के कारण लगभग दो साल पहले इन ट्रैवल वीजा पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। त्रिवेदी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि जनरल ट्रैवल वीजा सेवा फिर से शुरू हो रही है। वीजा के लिए आवेदन आगामी 28 जून से जमा किए जा सकेंगे।"

इन पांच बड़े सेंटर्स से जारी होंगे वीजा, मेडिकल वीजा भी रहेगा जारी

नए हाई कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि वीजा जारी करने की यह प्रक्रिया शुरुआत में बांग्लादेश के पांच प्रमुख शहरों— ढाका, राजशाही, चटगांव, सिलहट और खुलना में स्थित केंद्रों से शुरू की जाएगी। आने वाले समय में स्थिति को देखते हुए इस प्रक्रिया का और ज्यादा विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मानवीय आधार पर दिए जाने वाले अर्जेंट मेडिकल वीजा पहले की तरह ही निर्बाध रूप से जारी रहेंगे। ये ट्रैवल वीजा आमतौर पर बांग्लादेशी नागरिकों को पर्यटन, इलाज, बिजनेस और सरकारी दौरों के लिए भारत आने की अनुमति देते हैं।

प्रणय कुमार वर्मा की जगह कमान, मिला केंद्रीय मंत्री का दर्जा

भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक ज्ञापन (Official Memorandum) के अनुसार, दिनेश त्रिवेदी को प्रोटोकॉल और सेरेमोनियल फंक्शन्स के लिए भारत के केंद्रीय मंत्री का दर्जा दिया गया है। त्रिवेदी ने पूर्व राजनयिक प्रणय कुमार वर्मा की जगह ली है। वह 12 जून को भारत-बांग्लादेश के पश्चिमी बेनापोल-पेट्रापोल लैंड बॉर्डर के रास्ते ढाका पहुंचे थे। उनके इस नए रोल से भारत और बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंधों में एक नए और मजबूत अध्याय की उम्मीद की जा रही है।