BREAKING:
October 20 2026 02:18 am

पुतिन-ट्रंप मुलाकात से भारत को टैरिफ राहत की उम्मीद, पूर्व राजनयिक ने दिए संकेत

Post

India News Live,Digital Desk : अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ऐतिहासिक बैठक के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या ट्रंप अब टैरिफ के मुद्दे पर नरमी दिखाएंगे? क्या भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ में कटौती हो सकती है?

पूर्व राजनयिक वीना सीकरी ने इस मुलाकात को सकारात्मक माना है। उनका कहना है कि पुतिन और ट्रंप के बीच हुई बातचीत भारत के लिए अच्छी खबर ला सकती है। सीकरी का मानना है कि इस मुलाकात में ट्रंप ने टैरिफ पर बात ज़रूर की होगी और संभावना है कि दोनों नेता रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अतिरिक्त टैरिफ न लगाने पर सहमत हुए हों।

उन्होंने आगे कहा कि इस बैठक के बाद अमेरिका और रूस के बीच व्यापारिक रिश्ते फिर से पटरी पर लौट सकते हैं। पुतिन खुद भी कह चुके हैं कि अमेरिका के साथ उनका व्यापारिक सहयोग सही दिशा में जा रहा है। इससे साफ है कि निकट भविष्य में रूस से तेल खरीद पर अमेरिका कोई नया टैरिफ नहीं लगाएगा। यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी राहत का संकेत है।

भारत के लिहाज़ से भी यह मुलाकात अहम है। बैठक से पहले ट्रंप प्रशासन ने भारत को चेताया था कि अगर बातचीत नाकाम रही तो टैरिफ और बढ़ सकते हैं। लेकिन बैठक के बाद जब ट्रंप से चीन पर टैरिफ के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह आने वाले कुछ हफ़्तों तक हालात पर नज़र रखेंगे और फिर कोई बड़ा फ़ैसला करेंगे। इन संकेतों से साफ है कि भारत के लिए सकारात्मक नतीजे निकल सकते हैं।