Firing at Disha Patani's house in Bareilly : दो बदमाशों का एनकाउंटर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-18 15:08:00
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बरेली में अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में हुई मुठभेड़ में दोनों की मौत हो गई। यह मुठभेड़ गाजियाबाद में हुई।
12 सितंबर को तड़के लगभग 3:45 बजे दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद बरेली कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आसपास के राज्यों के अपराध रिकॉर्ड और तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल कर आरोपियों की पहचान की। ये आरोपी रविंद्र पुत्र कल्लू (काहनी, रोहतक) और अरुण पुत्र राजेंद्र (गोहाना रोड, इंडियन कॉलोनी, सोनीपत) पाए गए।
17 सितंबर को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली की सीआई यूनिट की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के टेक्नो सिटी इलाके में मुठभेड़ की। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई। ये दोनों रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। मौके से एक ग्लॉक और एक जिगा पिस्टल के साथ कई कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए लगभग 2500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक कैमरे में कैद हुई। बाइक सवार कई बार यू-टर्न लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार गोल्डी बरार गैंग अपने वारदातों के बाद सीधे रास्ते का इस्तेमाल नहीं करता।
बरेली पुलिस के पास चार राज्यों के 515 अपराधियों के एल्बम हैं, जिनमें पंजाब और राजस्थान के 335 तथा हरियाणा और दिल्ली के 180 अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने जमानत पर आए अपराधियों पर कड़ी नजर रखी है। साइबर और सर्विलांस टीम हमलावरों के ठिकानों की सक्रियता से जांच कर रही है। साथ ही एटीएम फुटेज और लेन-देन की जानकारी भी खंगाली जा रही है। पुलिस को शक है कि घटना के तुरंत बाद नकदी निकाली गई होगी या ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए गए होंगे।