माघ मेला के चलते प्रयागराज में रेल संचालन बदला, कई ट्रेनों के टर्मिनल और मार्ग में बदलाव

Post

India News Live,Digital Desk : माघ मेला को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए ट्रेनों के परिचालन में अहम बदलाव किए हैं। परिचालनिक कारणों से कई ट्रेनों के टर्मिनल बदले गए हैं, कुछ का आंशिक निरस्तीकरण किया गया है और कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार प्रयागराज एक्सप्रेस 2 जनवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक कुल 47 दिनों के लिए प्रयागराज जंक्शन की बजाय सूबेदारगंज स्टेशन से संचालित होगी। इसी अवधि में प्रयागराज–लालगढ़ एक्सप्रेस भी सूबेदारगंज स्टेशन से ही चलाई जाएगी।

इसके अलावा प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस 12 जनवरी से 24 जनवरी तक आनंद विहार टर्मिनल के लिए सूबेदारगंज स्टेशन से चलेगी। मेला अवधि में नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, बाड़मेर–हावड़ा सुपरफास्ट, आनंद विहार–जोगबनी एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव प्रयागराज जंक्शन के बजाय सूबेदारगंज स्टेशन पर किया गया है।

मेला के दौरान प्रयागराज–गोरखपुर ट्रेन का संचालन फाफामऊ स्टेशन से होगा, जबकि चोपन–प्रयागराज एक्सप्रेस छिवकी स्टेशन से चलाई जाएगी। इसके साथ ही दानापुर–उधना, पटना–एर्णाकुलम, छपरा–जालना, पुणे–बनारस, रांची–लोकमान्य तिलक टर्मिनल, अहमदाबाद–पटना, सिकंदराबाद–दानापुर, दादर–बलिया और रामेश्वरम–बनारस एक्सप्रेस के मार्गों में भी बदलाव किया गया है।

माघ मेला में दिशावार ट्रेनों का होगा संचालन

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को आसान बनाने के लिए प्रयागराज मंडल ने दिशावार ट्रेनों के संचालन की विशेष योजना लागू की है। इस व्यवस्था के तहत अलग-अलग दिशाओं के लिए अलग-अलग स्टेशनों से ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि किसी एक स्टेशन पर अत्यधिक दबाव न पड़े।

योजना के अनुसार प्रयागराज जंक्शन से कानपुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सतना और झांसी की ओर ट्रेनें चलेंगी। नैनी जंक्शन से सतना और झांसी दिशा की रेल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। छिवकी स्टेशन से पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सतना और झांसी के लिए ट्रेनें संचालित होंगी।

प्रयाग और फाफामऊ स्टेशनों से अयोध्या, जौनपुर और लखनऊ की दिशा में रेल सेवाएं दी जाएंगी, जबकि झूंसी और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों से वाराणसी, गोरखपुर और मऊ की ओर जाने वाली ट्रेनें चलेंगी।

प्रमुख स्नान पर्वों पर संगम स्टेशन रहेगा बंद

माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान प्रयागराज संगम स्टेशन को यात्रियों के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। यह बंदी मुख्य स्नान तिथि से एक दिन पहले से लेकर दो दिन बाद तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है।

रिजर्वेशन चार्ट के नियमों में बदलाव

मेला अवधि को देखते हुए रेल प्रशासन ने आरक्षण चार्ट जारी करने के नियमों में भी बदलाव किया है। जिन ट्रेनों का प्रस्थान सुबह 5:01 से दोपहर 2:00 बजे तक है, उनका रिजर्वेशन चार्ट एक दिन पहले शाम 8:00 बजे तक जारी कर दिया जाएगा।

वहीं जिन ट्रेनों का प्रस्थान दोपहर 2:01 से रात 11:59 बजे या रात 12:00 से सुबह 5:00 बजे तक है, उनका आरक्षण चार्ट प्रस्थान समय से 10 घंटे पहले जारी किया जाएगा। इससे वेटिंग और आरएसी टिकट वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन और स्टेशन से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लें और समय रहते अपनी तैयारी पूरी कर लें।