बांग्लादेश की स्थिति का हवाला देकर साक्षी महाराज ने फिर उठाई हिंदू राष्ट्र की मांग
India News Live,Digital Desk : बांग्लादेश में हालिया हालात को लेकर उन्नाव से सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने एक बार फिर भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग की है। मंगलवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की स्थिति बेहद खराब है और इसी तरह के हालात कभी पाकिस्तान में भी देखने को मिले थे।
साक्षी महाराज ने कहा कि देश के बंटवारे के समय हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जाना चाहिए था। उनका आरोप था कि तत्कालीन नेतृत्व ने सत्ता के मोह में देश का विभाजन स्वीकार किया और बाद में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते इस विषय को गंभीरता से नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि दुनिया में अलग-अलग समुदायों और जातियों के लिए कई राष्ट्र हैं, लेकिन हिंदुओं के लिए कोई अलग सुरक्षित स्थान नहीं है। उनके अनुसार जब तक भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया जाएगा, तब तक हिंदुओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो सकती।
इस दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान का भी समर्थन किया। साथ ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे एक ओर एसआईआर को लेकर मीडिया में विरोध दर्ज करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने कार्यकर्ताओं को वोट बढ़ाने के निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने इसे दोहरी राजनीति बताया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए गए बयान पर भी साक्षी महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। सांसद ने कहा कि भारत ने बीते वर्षों में रक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है, लेकिन विपक्षी नेताओं को ये उपलब्धियां नजर नहीं आतीं।
उन्होंने कहा कि आज भारत ब्रह्मोस जैसी मिसाइल बना रहा है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद कुछ नेताओं का नजरिया नहीं बदल रहा है।