BREAKING:
November 04 2026 10:36 pm

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उलटी गिनती शुरू, जल्द बन सकती है बात

Post

India News Live,Digital Desk : भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर तेज़ी से बातचीत चल रही है। वाशिंगटन में जारी चर्चाओं के बीच उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 48 घंटों के भीतर यह समझौता अंतिम रूप ले सकता है। दोनों देश इस डील को 9 जुलाई से पहले फाइनल करना चाहते हैं क्योंकि इसके बाद अमेरिका भारत से आने वाले उत्पादों पर ऊंचा आयात शुल्क (टैरिफ) लागू कर सकता है।

विवाद के मुद्दे क्या हैं?
अमेरिका चाहता है कि भारत अपने कृषि और डेयरी सेक्टर में अमेरिकी उत्पादों के लिए ज़्यादा बाजार खोले। लेकिन भारत के लिए यह मुद्दा काफी संवेदनशील है। ग्रामीण आजीविका और खाद्य सुरक्षा की वजह से भारत इस सेक्टर में ज्यादा रियायत देने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय व्यापार प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया है कि वे जेनेटिकली मॉडिफाइड मक्का, सोयाबीन, चावल और गेहूं जैसे उत्पादों पर टैरिफ कम करने को तैयार नहीं हैं।

टैरिफ को लेकर ट्रंप की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को "लिबरेशन डे" का ऐलान करते हुए सभी देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की बात कही थी। उन्होंने धमकी दी थी कि भारत समेत कई देशों से आने वाले सामान पर अमेरिका 26% तक टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, बाद में बातचीत की गुंजाइश को ध्यान में रखते हुए ट्रंप प्रशासन ने इसे अस्थायी तौर पर घटाकर 10% कर दिया।

क्या मिलेगा अमेरिकी कंपनियों को फायदा?
राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि भारत के साथ यह व्यापार समझौता अमेरिकी कंपनियों को भारत के 1.4 अरब उपभोक्ताओं वाले विशाल बाजार में बेहतर प्रतिस्पर्धा करने का मौका देगा। उनका मानना है कि यह डील दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगी और टैरिफ में कटौती का रास्ता भी खोलेगी।