BREAKING:
August 26 2026 02:11 am

Rahul Gandhi attacks Election Commission : कर्नाटक-महाराष्ट्र में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप, आयोग ने मांगा हलफनामा

Post

India News Live,Digital Desk : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कर्नाटक और महाराष्ट्र चुनावों में मतदाता सूची में धांधली का मुद्दा उठाया है। राहुल का कहना है कि इन सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हैं, जिनमें एक ही मतदाता का नाम कई बार दर्ज होना, गलत पते और मृत व्यक्तियों के नाम शामिल होना शामिल है। उनका दावा है कि यह मामला विपक्ष के लिए किसी “परमाणु बम” से कम नहीं है और इसकी लड़ाई लंबी चलेगी।

चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों पर जवाब देते हुए पूछा है कि जनवरी 2025 में जब सभी राजनीतिक दलों को कर्नाटक की मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई थी, तब तक इस पर कोई शिकायत क्यों नहीं दी गई। आयोग ने राहुल को पत्र लिखकर राष्ट्र प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 20(3) के तहत हलफनामा दाखिल करने को कहा है ताकि मामले की दोबारा जांच की जा सके।

राहुल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में पाँच अलग-अलग तरीकों से मतदाता सूची में छेड़छाड़ करके वोट चुराए गए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि वह पुख्ता सबूतों के साथ “परमाणु बम” फोड़ेंगे। हालांकि, आयोग का कहना है कि सूची पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार की गई थी और अंतिम सूची जारी होने के बाद न तो कोई अपील दर्ज की गई और न ही अनियमितताओं का आधिकारिक ब्यौरा दिया गया।

बिहार में भी इस समय मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम चल रहा है। 1 अगस्त को जारी ड्राफ्ट लिस्ट के खिलाफ अभी तक किसी राजनीतिक दल ने शिकायत नहीं दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अगर राहुल गांधी के पास सबूत हैं, तो वे हलफनामे में दर्ज कराएं, लेकिन कांग्रेस की ओर से साफ कहा गया है कि कोई हलफनामा दायर नहीं किया जाएगा।