किसान सम्मान दिवस पर सीएम योगी का संदेश: तकनीक, सम्मान और समृद्धि से बदलेगा किसान का भविष्य

Post

India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान सम्मान दिवस के अवसर पर प्रदेश के किसानों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत और योगदान को नमन किया। उन्होंने किसान समृद्धि योजना के तहत ट्रैक्टर पाने वाले किसानों की खुशी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी किसान का अपनी मां या पत्नी को ट्रैक्टर में बैठाकर ले जाना, किसान की आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। मौसम की परवाह किए बिना खेतों में पसीना बहाने वाला किसान ही धरती मां से अन्न रूपी सोना उगलवाता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर विधान भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम में उन्होंने किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं और किसानों, वैज्ञानिकों व एफपीओ को सम्मानित किया। साथ ही चौधरी चरण सिंह सीड पार्क, अटारी लखनऊ के प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद किसानों को पहली बार सरकार की प्राथमिकताओं में स्थान मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और एमएसपी जैसी योजनाओं के जरिए किसानों को सीधा लाभ मिला। इससे खेती की लागत घटी और उत्पादन में वृद्धि हुई।

सीएम योगी ने कहा कि पहले किसान योजनाओं से वंचित रहते थे, लेकिन आज शासन की हर योजना का लाभ उन्हें मिल रहा है। बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और सरकार जरूरत पड़ने पर किसानों की फसल खरीद रही है। धान, गेहूं, चना, सरसों, बाजरा और मक्का जैसे फसलों के उत्पादन में प्रदेश ने नई ऊंचाइयां छुई हैं।

चौधरी चरण सिंह के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जमींदारी उन्मूलन, भूमि सुधार, मंडी अधिनियम और किसानों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए। उनका मानना था कि जब तक किसान समृद्ध नहीं होगा, देश आगे नहीं बढ़ सकता।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में किसानों को गन्ना मूल्य के रूप में रिकॉर्ड भुगतान किया गया है और पेराई सत्र 2025-26 के लिए अगेती गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। प्रदेश में कृषि विज्ञान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 89 कर दी गई है और आधुनिक तकनीक पर आधारित सीड पार्क व टिश्यू कल्चर लैब विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान की असली समृद्धि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने से आएगी। प्राकृतिक खेती को अपनाकर ही गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। सरकार किसानों के साथ खड़ी है और योजनाओं की रफ्तार अब तेज है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, अन्य मंत्री, विधायक और किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।