June 22 2026 09:36 pm

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, लेबर पार्टी की बगावत के आगे झुके; राजनीतिक इतिहास में महा-उलटफेर

Post

यूके (UK) की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आ रही है. भारी राजनीतिक उठापटक और अपनी ही पार्टी के भीतर मचे भीषण घमासान के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने आखिरकार अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है. साल 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाकर सत्ता के शिखर पर पहुंचे स्टार्मर का कार्यकाल विवादों और आंतरिक बगावत के कारण असमय समाप्त हो गया. ब्रिटेन के इतिहास में पिछले एक दशक के भीतर यह सातवीं बार है जब प्रधानमंत्री की कुर्सी बदली जा रही है, जिसे करीब दो सदियों में सबसे तीव्र नेतृत्व परिवर्तन माना जा रहा है.

100 से अधिक सांसदों का विद्रोह और लोकप्रियता में भारी गिरावट

ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता संभालने वाले कीर स्टार्मर की लोकप्रियता पिछले कुछ महीनों में कई बड़े विवादों, घोटालों और सरकारी नीतियों से बार-बार पीछे हटने (U-turns) के कारण जनता के बीच पाताल में पहुंच गई थी. हालात तब बेकाबू हो गए जब लेबर पार्टी के ही 100 से अधिक सांसदों ने खुले तौर पर बगावत का झंडा बुलंद कर दिया और स्टार्मर से तुरंत पद छोड़ने या अपनी विदाई की तारीख तय करने की मांग कर डाली.

ब्रिटिश अखबार ‘द ऑब्जर्वर’ ने पहले ही इस बात का संकेत दे दिया था कि स्टार्मर सोमवार को औपचारिक रूप से अपने पद से हटने का फैसला कर सकते हैं, जिस पर अब मुहर लग गई है.

एंडी बर्नहैम की बंपर जीत ने ताबूत में ठोकी आखिरी कील

कीर स्टार्मर के राजनीतिक भविष्य पर संकट शुक्रवार को उस समय और गहरा गया था, जब ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर और उनके सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम (Andy Burnham) ने एक संसदीय उपचुनाव में बंपर जीत हासिल कर संसद में एंट्री मार ली. बर्नहैम की इस धमाकेदार जीत ने स्टार्मर के नेतृत्व के सामने सीधे तौर पर सबसे बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी, जिससे प्रधानमंत्री कार्यालय (10 Downing Street) के भीतर खलबली मच गई थी.

'चेकर्स' में पत्नी संग मंथन के बाद लिया बड़ा फैसला

इस्तीफे की औपचारिक घोषणा से पहले कीर स्टार्मर ने इस वीकेंड अपने आधिकारिक ग्रामीण आवास 'चेकर्स' (Checkers) में अपनी पत्नी विक्टोरिया के साथ इस गंभीर राजनीतिक संकट और देश के हालातों पर लंबी चर्चा की. इसके साथ ही उन्होंने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों, प्रमुख रणनीतिक सलाहकारों, लेबर पार्टी के बड़े चंदा देने वाले दानदाताओं (Donors) और श्रमिक संघ के शीर्ष नेताओं के साथ बैक-टू-बैक मीटिंग्स कीं. इस महामंथन के बाद स्टार्मर ने मान लिया कि अब उनके पास इस सर्वोच्च पद पर बने रहने का कोई नैतिक और राजनीतिक आधार नहीं बचा है.

तो अब कौन संभालेगा ब्रिटेन की कमान?

कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, इसे लेकर रेस बेहद दिलचस्प हो गई है:

एंडी बर्नहैम (Andy Burnham): संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे बर्नहैम को इस समय लेबर पार्टी के भीतर पीएम पद का सबसे मजबूत और स्वाभाविक दावेदार माना जा रहा है. देखना होगा कि क्या उन्हें सर्वसम्मति से कमान मिलती है या नहीं.

वेस स्ट्रीटिंग (Wes Streeting): स्टार्मर की नीतियों के विरोध में पिछले महीने स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले वेस स्ट्रीटिंग ने भी खुले तौर पर ताल ठोक दी है. उन्होंने साफ कहा है कि यदि पार्टी के भीतर नेतृत्व के लिए चुनाव (Leadership Election) होता है, तो वह भी मैदान में उतरेंगे.

ब्रिटेन में आए इस अचानक सियासी भूचाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हलचल बढ़ा दी है, खासकर भारत और यूके के बीच 15 जुलाई से लागू होने वाले ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के भविष्य को लेकर अब दुनिया भर के नीति निर्माताओं की नजरें लंदन पर टिकी हुई हैं.