BJP Foundation Day: नरेंद्र मोदी, कार्यकर्ताओं को दिया था जीत का वो मंत्र जो आज भी है भाजपा की शक्ति
India News Live,Digital Desk : भारतीय जनता पार्टी आज अपना 46वां स्थापना दिवस मना रही है। इस खास मौके पर हरियाणा के उन पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की आंखों में चमक और यादों में एक खास मंजर तैर रहा है, जब मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के प्रभारी हुआ करते थे। साल 1996 की वो कड़ाके की ठंड और 21 दिसंबर की वो तारीख आज भी फरीदाबाद के 'नींव के पत्थर' कहे जाने वाले कार्यकर्ताओं को याद है, जिसने प्रदेश में भाजपा के भविष्य की इबारत लिखी थी।
"परिक्रमा नहीं, पराक्रम की राजनीति करो"— मोदी का वो ऐतिहासिक संबोधन
भाजपा के संस्थापक सदस्य मूलचंद मित्तल और शेर सिंह भाटिया ने 1996 के उस दिन को याद करते हुए बताया कि सेक्टर-7 के जन कल्याण मंदिर हॉल में पलवल और फरीदाबाद के कार्यकर्ताओं का एक अभ्यास वर्ग आयोजित हुआ था। तब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा प्रभारी के रूप में नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा था, "हमें पराक्रम की राजनीति करनी चाहिए, परिक्रमा की नहीं।" उन्होंने कांग्रेसी कल्चर पर तंज कसते हुए सिखाया था कि चंडीगढ़ की दौड़ लगाना हमारा काम नहीं है, बल्कि एक सच्चे कार्यकर्ता को 'पीर पराई' समझने वाला होना चाहिए। मोदी के उस ओजस्वी भाषण ने कार्यकर्ताओं में ऐसी ऊर्जा भरी कि आज हरियाणा में लगातार तीसरी बार 'कमल' खिला है।
दरियां बिछाने से लेकर सत्ता के शिखर तक का सफर
6 अप्रैल 1980 को फिरोजशाह कोटला मैदान में जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने भाजपा की नींव रखी थी, तब फरीदाबाद और पलवल के मुट्ठी भर समर्पित कार्यकर्ताओं ने इस सपने को सींचा था। एमसी मित्तल, शेर सिंह भाटिया और कुंदन लाल भाटिया जैसे नेताओं ने पार्टी के लिए दरियां बिछाईं, कुर्सियां लगाईं और दो-दो रुपये का चंदा जुटाकर संगठन को खड़ा किया।
उनकी इस तपस्या का फल साल 1987 में मिला, जब एनआईटी सीट पर कुंदन लाल भाटिया ने जीत दर्ज कर जिले में भाजपा का खाता खोला था। आज वही पौधा एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो देश और दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है।
जब संगठन मंत्री थे मनोहर लाल और प्रभारी थे नरेंद्र मोदी
डायरी के पुराने पन्नों को पलटते हुए कार्यकर्ता बताते हैं कि 21 दिसंबर 1996 का वो दिन इसलिए भी खास था क्योंकि उस समय नरेंद्र मोदी के साथ संगठन मंत्री के रूप में मनोहर लाल (पूर्व मुख्यमंत्री) भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने आए थे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज केंद्र और प्रदेश में जो लगातार तीसरी बार सरकार बनी है, वह उन्हीं पुराने संघर्षों और मोदी जी द्वारा दिए गए 'संगठन मंत्र' का परिणाम है।
"पार्टी हमारी मां है"— कार्यकर्ताओं का निस्वार्थ समर्पण
स्थापना दिवस पर भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज रामपाल और वरिष्ठ नेता अजय गौड़ ने सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। संस्थापक सदस्य शेर सिंह भाटिया ने भावुक होते हुए कहा, “पार्टी हमारी मां है और हमारा काम एक सुपुत्र की तरह सेवा करना है। हमें कभी पद का मोह नहीं रहा, देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार देखना ही हमारा सबसे बड़ा संतोष है।”