BREAKING:
July 18 2026 06:00 pm

Asia Cup 2025 : इन 5 भारतीय खिलाड़ियों को मिल सकता है टीम से बाहर होने का झटका

Post

India News Live,Digital Desk : एशिया कप 2025 टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू हो रहा है और इसका फाइनल मैच 28 सितंबर को खेला जाएगा। सभी फैंस इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चलते एशिया कप 2025 टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के लिए अभी टीम इंडिया का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन भारतीय बोर्ड जल्द ही इस पर फैसला लेगा। फैंस के मन में सवाल है कि एशिया कप टीम इंडिया में कौन शामिल होगा। इनमें से कुछ भारतीय खिलाड़ी ऐसे भी हो सकते हैं जिन्होंने आईपीएल 2025 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया हो, लेकिन फिर भी उन्हें एशिया कप के लिए मौका नहीं मिलेगा। जानिए ऐसे ही 5 खिलाड़ियों के बारे में।

केएल राहुल

केएल राहुल ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 13 मैचों में 149.72 के स्ट्राइक रेट से 539 रन बनाए। हालाँकि, भारतीय चयनकर्ताओं को विकेटकीपर विकल्प को लेकर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि टीम में संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल भी विकेटकीपर के तौर पर मौजूद हैं। राहुल की बात करें तो उन्होंने अपना आखिरी टी20 2022 में खेला था और तब से टी20 टीम में युवा और आक्रामक टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को शामिल किया जा रहा है।

यशस्वी जायसवाल

राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए यशस्वी जायसवाल ने 14 मैचों में 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में सातवें सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। हालाँकि, पिछले कुछ सालों से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन टीम इंडिया के लिए ओपनिंग की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं। शुभमन गिल भी बतौर ओपनर खेलते नज़र आ सकते हैं। टेस्ट फॉर्मेट में यशस्वी को ज़्यादा तवज्जो दी जा रही है। इतना ही नहीं, टीम के पास बतौर ओपनर कई विकल्प मौजूद हैं। यशस्वी को एशिया कप 2025 में आराम दिया जा सकता है और वह 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में खेल सकते हैं।

श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए 650 रन बनाए। उन्होंने टीम की कप्तानी भी की और पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुँचाया। हालाँकि, श्रेयस अय्यर का एशिया कप 2025 में खेलने का सपना टूट सकता है। दरअसल, भारत के मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह जैसे कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं। ऐसे में अय्यर की इस टूर्नामेंट के लिए अनदेखी की जा सकती है।

साईं सुदर्शन

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 पूरी तरह से साई सुदर्शन के नाम रहा। उन्होंने इस सीजन 15 मैचों में 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए। उनके नाम एक शतक और छह अर्धशतक रहे। सुदर्शन ने तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों के खिलाफ भी आक्रामक बल्लेबाजी की। टी20 फॉर्मेट में तीसरे नंबर पर सिर्फ अनुभवी खिलाड़ियों को ही मौका दिया जाएगा। तिलक वर्मा भले ही काफी युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके पास सुदर्शन से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव है। तिलक वर्मा या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक नंबर पर खेलते नजर आ सकते हैं और ऐसे में सुदर्शन को मौका मिलने की संभावना कम है।

जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह लंबे समय से चोटों से जूझ रहे हैं और इस वजह से उनके वर्कलोड पर काफी ध्यान दिया जा रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग में उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी जिसमें बुमराह ने सिर्फ तीन मैचों में हिस्सा लिया था।

उन्हें एशिया कप में आराम मिल सकता है क्योंकि टूर्नामेंट खत्म होने के तुरंत बाद भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलेगा। बुमराह टीम इंडिया के लिए सभी फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं और भारतीय बोर्ड चाहेगा कि यह तेज़ गेंदबाज़ टेस्ट फॉर्मेट में ज़्यादा खेले।