भारत-रूस तेल सौदे पर अमेरिकी सलाहकार का हमला, मोदी की नीति पर उठे सवाल

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के रूस से तेल खरीदने पर एक विवादित बयान दिया है। नवारो का कहना है कि रूस से सस्ता तेल लेकर भारत के रिफाइनर इसे ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं और इसका लाभ देश की आम जनता को नहीं बल्कि केवल एक छोटे से उच्च वर्ग, खासकर ब्राह्मण समुदाय को मिल रहा है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए चीन पहुंचे हैं। इस दौरे पर उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात भी की है।

नवारो ने अमेरिकी चैनल फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत की यह तेल नीति रूस को यूक्रेन युद्ध में मदद पहुंचा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप का भारत पर 50% टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला सही था ताकि भारत पर दबाव बनाया जा सके।

भारत और अमेरिका के बीच हाल के दिनों में रिश्तों में तल्खी बढ़ी है। अमेरिका ने रूस से भारत की तेल खरीद पर नाराज़गी जताते हुए कई आर्थिक प्रतिबंध और टैरिफ़ लगाए हैं। हालांकि, भारत ने साफ कर दिया है कि उसकी विदेश नीति स्वतंत्र है और वह अपने हित में फैसले लेगा। भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह रूस से तेल खरीदने का सिलसिला जारी रखेगा।