'भाजपा को हटाने के लिए चलाना होगा वोट का बुलडोजर', अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को बड़ा मंत्र

Post

UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया है। अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में सपा को बड़ी जीत दिलाई, ठीक उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी एकजुट होना होगा। उन्होंने नारा दिया कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए इस बार 'वोट का बुलडोजर' चलाना पड़ेगा।

भाजपा के हटते ही सुधरेगी शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को खुशहाली और विकास के रास्ते पर वापस लाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ रही हैं। सपा प्रमुख के अनुसार, राज्य में भाजपा सरकार के हटने के बाद ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और चरमराई बिजली व्यवस्था में वास्तविक सुधार संभव हो सकेगा। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार आने पर उत्तर प्रदेश में विकास और निर्माण के कार्यों को नए सिरे से और पारदर्शी तरीके से शुरू किया जाएगा।

स्मार्ट मीटर से लूट और महंगाई पर घेरा, बोले- युवा और किसान बेहाल

केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। महंगाई का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। सरकार ने बिजली की दरें बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ दी है और अब स्मार्ट मीटर लगाकर जनता की जेब पर खुलेआम डकैती डाली जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि डीजल, पेट्रोल और अन्य ईंधनों की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे मालभाड़ा बढ़ने से हर चीज महंगी हो गई है। किसान आज यूरिया और अन्य खादों की किल्लत से जूझ रहा है, जबकि पढ़ा-लिखा नौजवान नौकरी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। भ्रष्टाचार इस समय अपने चरम पर है।

'पीडीए' से डरी भाजपा, इलाहाबाद की सभी सीटों पर बदलेगी उम्मीदवार!

अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूला जमीन पर बेहद मजबूत हो चुका है और भाजपा इससे बुरी तरह डर गई है। यही वजह है कि सरकार पीडीए से जुड़े निर्दोष लोगों के खिलाफ लगातार साजिशें रच रही है, लेकिन जनता अब इनके हर षड्यंत्र को समझ चुकी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए सपा अध्यक्ष ने बिना किसी का नाम लिए तंज कसा, "अभी तो ये हाफ (आधे) हुए हैं, विधानसभा में टिकट नहीं मिलेगा तो पूरी तरह साफ हो जाएंगे।" उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की करीब 225 सीटों पर अपने उम्मीदवार बदलने जा रही है। उन्होंने सुना है कि प्रयागराज (इलाहाबाद) की तो सभी सीटों पर भाजपा इस बार नए चेहरे उतारने की तैयारी में है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब सारे 'घटिया एक्सप्रेस-वे' बन गए और भ्रष्टाचार के आपसी लेनदेन का टारगेट पूरा हो गया, तब मंत्रियों या चेहरों को हटाया भी तो क्या हटाया?

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का दावा: भाजपा से जनता का हुआ पूरी तरह मोहभंग

दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बरेली, लखीमपुर और सीतापुर जैसे विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाते हुए अजय राय ने कहा कि सत्ताधारी दल से अब आम जनता का पूरी तरह से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव की बयार चल रही है, यही वजह है कि कई जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान भी लगातार कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह सीधे तौर पर राहुल गांधी द्वारा जनता के हक में उठाई जा रही आवाज का समर्थन है। अजय राय ने भी डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर सरकार को घेरा। इस कार्यक्रम के दौरान सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने भी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।