विधानसभा में ‘दो नमूने’ वाले तंज पर सियासी घमासान, अखिलेश बोले—यह बीजेपी की अंदरूनी फूट की आत्मस्वीकृति
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी। उन्होंने दिल्ली और लखनऊ में बैठे “दो नमूनों” का जिक्र करते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया, जिसे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर इशारा माना गया। मुख्यमंत्री के इस बयान पर सपा अध्यक्ष ने तीखा पलटवार करते हुए इसे सत्तारूढ़ भाजपा की अंदरूनी कलह का खुला संकेत बताया।
कोडीनयुक्त कफ सीरप रैकेट को लेकर चल रही राजनीतिक तनातनी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में बिना नाम लिए अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में दो ऐसे लोग हैं—एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में—जो किसी भी मुद्दे पर बहस शुरू होते ही देश छोड़कर बाहर चले जाते हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि “आपके बबुआ भी शायद फिर इंग्लैंड की सैर पर निकल जाएंगे और आप लोग यहीं हंगामा करते रह जाएंगे।”
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि यह बयान विपक्ष पर हमला कम और भाजपा के भीतर चल रही खींचतान को स्वीकार करने जैसा ज्यादा है। अखिलेश ने इसे “आत्म-स्वीकृति” करार देते हुए कहा कि दिल्ली और लखनऊ के बीच तनाव की बातें अब खुले तौर पर सामने आने लगी हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि भाजपा की आंतरिक खींचतान इस स्तर तक पहुंच जाएगी। संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को सार्वजनिक मर्यादा और शालीनता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अपनी अंदरूनी लड़ाइयों को सड़कों और चौराहों पर लाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे पार्टी को ही नुकसान होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अखिलेश यादव ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया था कि कोडीन कफ सीरप से जुड़ा कथित रैकेट प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र से शुरू हुआ था। इस बयान के बाद भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई थी। मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा में समाजवादी पार्टी के हंगामे को “चोर की दाढ़ी में तिनका” बताते हुए कहा था कि जांच का रुख आखिरकार विपक्ष की ओर भी जा सकता है।