आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला, चलती बस में लगी आग
India News Live,Digital Desk : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिरसागंज क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 76.300 किलोमीटर पॉइंट पर अजमेर से नेपाल जा रही एक निजी बस के टायर में अचानक आग लग गई। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
टायर से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाई और बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बस में कुल 42 यात्री सवार थे और राहत की बात यह रही कि सभी लोग समय रहते सुरक्षित निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बस चालक चुन्नू मिश्रा, जो नेपाल के वीरगंज का रहने वाला है, ने बताया कि वह अजमेर से यात्रियों को लेकर नेपाल जा रहा था, तभी अचानक टायर में आग लग गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय के अनुसार इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आग की वजह से कुछ समय के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। आग पर काबू पाने के बाद ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया।