चेन्नई में एयर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिंग, कांग्रेस सांसदों समेत 100 यात्री बाल-बाल बचे

Post

India News Live,Digital Desk : तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI2455 को तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण सोमवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। इस विमान में कांग्रेस नेता और सांसद केसी वेणुगोपाल, कोडिक्कुनिल सुरेश, अदूर प्रकाश, के. राधाकृष्णन, रॉबर्ट ब्रूस समेत करीब 100 यात्री सवार थे। विमान सुरक्षित उतर गया और फिलहाल उसकी जांच की जा रही है।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि फ्लाइट देरी से रवाना हुई थी और टेकऑफ के तुरंत बाद तकनीकी दिक्कत आ गई। एक घंटे बाद कैप्टन ने सिग्नल में खराबी की सूचना दी और विमान को चेन्नई मोड़ दिया गया। यहां लैंडिंग से पहले करीब दो घंटे तक क्लियरेंस का इंतजार करना पड़ा।

लैंडिंग के पहले प्रयास के दौरान एक चौंकाने वाली घटना घटी। खबरों के मुताबिक, रनवे पर पहले से एक और विमान मौजूद था, लेकिन कैप्टन के समय रहते निर्णय लेने से सभी की जान बच गई। दूसरे प्रयास में विमान सुरक्षित उतरा। वेणुगोपाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा किस्मत पर नहीं छोड़ी जा सकती और डीजीसीए व नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जांच की मांग की।

हालांकि, एयर इंडिया ने रनवे पर दूसरे विमान की मौजूदगी के दावे को खारिज किया। एयरलाइन का कहना है कि डायवर्ट करने का फैसला तकनीकी समस्या और खराब मौसम को देखते हुए लिया गया था। पहले लैंडिंग प्रयास के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने "गो-अराउंड" का आदेश दिया था, लेकिन यह किसी अन्य विमान की वजह से नहीं था। एयर इंडिया ने असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।