Ahmedabad plane crash : पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान डीएनए से हुई, राजकोट में होगा अंतिम संस्कार
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-15 16:02:00

India News Live,Digital Desk : अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान डीएनए जांच के जरिए हो गई है। अब उनका पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपा जाएगा और उनका अंतिम संस्कार राजकोट में किया जाएगा।
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह करीब 11:10 बजे डीएनए रिपोर्ट आई, जिसमें पुष्टि हो गई कि मृतकों में एक शरीर विजय रूपाणी का है। इसके बाद उनके परिवार को यह सूचना दी गई और अब शव उन्हें सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विजय रूपाणी 12 जून को एयर इंडिया की उस अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार थे जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। वे अपनी पत्नी और बेटी से मिलने लंदन रवाना हो रहे थे, लेकिन विमान टेकऑफ के कुछ मिनटों बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में विमान में मौजूद 242 यात्रियों में से 241 की जान चली गई।
अब तक की जांच और डीएनए टेस्टिंग के आधार पर 32 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से 14 के शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। शेष शवों की पहचान और प्रक्रिया जारी है।