5 करोड़ की फिल्म, 44 करोड़ की कमाई: 2025 की सबसे चौंकाने वाली बॉक्स ऑफिस कहानी
India News Live,Digital Desk : फिल्म इंडस्ट्री में किसी भी फिल्म की असली पहचान उसकी बॉक्स ऑफिस कमाई से होती है। चाहे फिल्म को लेकर कितनी ही चर्चा क्यों न हो, बड़े सितारे हों या वह किसी हिट फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा हो—अगर दर्शकों ने टिकट नहीं खरीदे, तो फिल्म फ्लॉप ही मानी जाती है। साल 2025 में कई बड़े बजट की फिल्में इस सच्चाई से टकराईं, लेकिन इसी साल एक छोटी बजट की मिस्ट्री थ्रिलर ने सबको चौंका दिया।
यह फिल्म बिना ज्यादा शोर-शराबे के रिलीज़ हुई, लेकिन कंटेंट और कहानी के दम पर ऐसी कमाई की कि देखते ही देखते ब्लॉकबस्टर बन गई।
क्या है फिल्म की कहानी?
यह मिस्ट्री थ्रिलर केरल और कर्नाटक की सीमा से लगी धुंधली पहाड़ियों में सेट है। कहानी एक रहस्यमयी शख्स कुरियाचन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दुर्लभ नस्ल के कुत्तों का ब्रीडर है। वह इलाके में जाना-पहचाना नाम है, लेकिन उसका अतीत उतना ही रहस्यमय है।
जब कुछ लोग उसकी तलाश में वहां पहुंचते हैं, तो धीरे-धीरे परतें खुलती जाती हैं। कहानी वफादारी, नियंत्रण, सुरक्षा और आज़ादी के बीच के नाज़ुक संतुलन को दिखाती है। इसमें दुर्लभ कुत्तों, उनके इकोसिस्टम और मलेशिया से जुड़े एक पुराने कनेक्शन की झलक भी मिलती है। फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसके विज़ुअल्स और धीरे-धीरे खुलती लेयर्ड कहानी है, जो दर्शक को अंत तक बांधे रखती है।
बॉक्स ऑफिस पर किया कमाल
इस फिल्म का बजट महज़ 5 करोड़ रुपये था, जबकि बॉक्स ऑफिस पर इसने करीब 44 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। यानी लगभग नौ गुना मुनाफा। ऐसे दौर में जब बड़ी फिल्में लागत भी नहीं निकाल पा रहीं, यह प्रदर्शन अपने आप में बड़ी बात है।
कौन सी है यह फिल्म?
इस फिल्म का नाम ‘इको’ (Eko) है। यह एक एनिमल-थीम ट्रिलॉजी का आखिरी हिस्सा है। इससे पहले किष्किंधा कांड (2024) आई थी, जिसे सुपरहिट का दर्जा मिला, और केरल क्राइम फाइल्स 2 को भी दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
इन तीनों फिल्मों में जानवर सिर्फ कहानी का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि पूरे नैरेटिव और इकोसिस्टम का अहम आधार हैं।
‘इको’ का निर्देशन दिनजीत अय्याथन ने किया है और कहानी बहुल रमेश ने लिखी है। फिल्म में संदीप प्रदीप, विनीत, नरेन, सौरभ सचदेवा और बिनू पप्पू जैसे कलाकार नजर आते हैं। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को रिलीज़ हुई थी और धीरे-धीरे माउथ पब्लिसिटी के दम पर बड़ी हिट साबित हुई।