तेज तूफान में धराशायी हुई ब्राजील की स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी, 40 मीटर ऊंची प्रतिकृति गिरी
India News Live,Digital Desk : ब्राजील के गुआइबा शहर में सोमवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान यहां लगी स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की विशाल प्रतिकृति तेज हवाओं का दबाव नहीं झेल पाई और देखते ही देखते गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
यह मूर्ति अमेरिका के न्यूयॉर्क में मौजूद स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की हूबहू नकल थी और गुआइबा में एक बड़े रिटेल स्टोर हावन के पार्किंग एरिया में स्थापित की गई थी। यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए एक पहचान और आकर्षण का केंद्र माना जाता था।
तूफान में बिखर गई सात मंजिला ऊंची मूर्ति
15 दिसंबर 2025 को दोपहर के समय अचानक तेज हवाओं और आंधी ने इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। तेज झोंकों के चलते करीब 40 मीटर ऊंची यह प्रतिकृति संतुलन खो बैठी और जमीन पर आ गिरी। मूर्ति के गिरते ही उसका ऊपरी हिस्सा, खासकर सिर का भाग, कई टुकड़ों में टूटकर बिखर गया।
यह स्टैच्यू एक फास्ट-फूड आउटलेट के पास पार्किंग स्थल में लगी थी। घटना के वक्त आसपास कई वाहन मौजूद थे, लेकिन लोगों ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए अपनी गाड़ियां वहां से हटा लीं। इसी वजह से किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की इस प्रतिकृति के गिरने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग तेज हवा के कहर और मूर्ति के गिरने के पल को देखकर हैरानी जता रहे हैं।
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, हावन कंपनी ने ब्राजील के कई शहरों में अपने स्टोर्स के पास इस तरह की स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की प्रतिकृतियां लगाई हुई हैं। कंपनी का कहना है कि गुआइबा में लगी इस मूर्ति की कुल ऊंचाई लगभग 114 फीट थी। इसमें से करीब 78 फीट का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिर गया, जबकि नीचे का 36 फीट ऊंचा बेस सुरक्षित है।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और कंपनी की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।