BREAKING:
October 29 2026 07:52 pm

Yogi government's step : बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए विशेष तीर्थयात्रा योजनाएं शुरू

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। अब राज्य के बौद्ध और सिख श्रद्धालु अपनी आस्था से जुड़े पवित्र स्थलों की तीर्थ यात्रा पर आसानी से जा सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दो नई तीर्थयात्रा योजनाएं—‘बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना’ और ‘पंच तख्त यात्रा योजना’ जल्द से जल्द शुरू की जाएं।

इन योजनाओं के अंतर्गत हर श्रद्धालु को कम से कम ₹10,000 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह पहल आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित होगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और आस्था का पूरा ध्यान रखा जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भारतीय संस्कृति में तीर्थ यात्रा न केवल आत्मिक उत्थान का माध्यम है, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। इसलिए यह सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि नागरिकों को उनकी आस्था से जुड़े स्थलों तक पहुंचने में सहयोग दे।

बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना:

यह योजना खासतौर पर उत्तर प्रदेश के बौद्ध और हिंदू श्रद्धालुओं के लिए है, जो देशभर में फैले बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि योजना के लाभार्थियों के चयन में बौद्ध भिक्षुओं को प्राथमिकता दी जाए।

पंच तख्त यात्रा योजना:

यह योजना सिख श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के सिख श्रद्धालुओं को देश के पांच प्रमुख तख्त साहिब स्थलों— श्री आनंदपुर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब, श्री दमदमा साहिब, श्री हजूर साहिब नांदेड़ और श्री हरमंदिर जी पटना साहिब— की यात्रा कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो और चयन में पारदर्शिता के साथ आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दी जाए।

इन योजनाओं से न सिर्फ राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" के विचार को भी और मजबूती देगी।