जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ ने खुद सुनी फरियाद, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और किसी भी फरियादी को निराश नहीं लौटना चाहिए।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री स्वयं आगे बढ़कर मिले। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंपे और यह निर्देश दिया कि हर मामले में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पीएसी के एक सिपाही ने अपनी व्यक्तिगत समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले को संबंधित अधिकारी को सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए। वहीं शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान खरीद केंद्र पर हो रही लापरवाही की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है और अन्नदाता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि सभी धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कराया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि किसानों का भरोसा बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रयागराज से आए फरियादियों की समस्याओं को भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का तुरंत समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनता की समस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने लगातार प्रयास किए हैं और भविष्य में भी यह प्रक्रिया पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगी। जनता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति सरकार शुरू से प्रतिबद्ध रही है।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनके नाम पूछे, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।