पैकेज्ड दूध पर जीएसटी हटने के बाद क्या सच में मिलेंगे सस्ते दाम? जानें अमूल और मदर डेयरी की प्रतिक्रिया
India News Live,Digital Desk : 3 सितंबर को जीएसटी काउंसिल की बैठक के बाद , दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं पर टैक्स की दर कम करने का फैसला किया गया। इस फैसले के मुताबिक, कई खाने-पीने की चीजों और रसोई के सामान को 5 % के स्लैब में लाया गया है । यानी इन पर अब 5 % ही टैक्स लगेगा । पैकेज्ड दूध पर लगने वाले 5 % टैक्स को खत्म कर दिया गया है। यानी, इस पैकेज्ड दूध पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इस फैसले के बाद कहा जा रहा था कि अमूल, मदर डेयरी जैसे ब्रांड के दूध की कीमतें कम होने वाली हैं ।
लेकिन क्या सच में ऐसा होगा ? आप सुबह-शाम मोहल्ले की दुकानों या मिल्क पार्लरों से दूध के पाउच खरीदते हैं , क्या उनकी कीमतें कम होंगी?
दूध की कीमतों के बारे में अमूल ने क्या कहा?
अमूल ने स्पष्ट किया है कि उसका पाउच वाला दूध सस्ता नहीं होगा। 22 सितंबर से नई जीएसटी दर लागू होने के बावजूद दूध के पाउच की कीमतें जस की तस रहेंगी। अमूल उत्पादों का विपणन करने वाली कंपनी गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ ( जीसीएमएमएफ) के प्रबंध निदेशक ( एमडी) जयेन मेहता ने कहा, 'ताजा पाउच वाले दूध की कीमत में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है, क्योंकि इस पर जीएसटी में कोई कमी नहीं की गई है । पाउच वाले दूध पर पहले से ही 0% जीएसटी है ।' यानी इस पर कोई टैक्स नहीं है। इससे पहले, मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि आने वाले दिनों में पैकेज्ड दूध की कीमतें कम होंगी।
अमूल के फुल क्रीम दूध 'अमूल गोल्ड' की कीमत लगभग 69 रुपये प्रति लीटर है, जबकि टोन्ड दूध की कीमत 57 रुपये प्रति लीटर है। इसी तरह, मदर डेयरी के फुल क्रीम दूध की कीमत 69 रुपये प्रति लीटर और टोन्ड दूध की कीमत लगभग 57 रुपये प्रति लीटर है।
तो कौन सा दूध सस्ता होगा, जिस पर से जीएसटी हटा दिया गया है?
हाल ही में हुई जीएसटी परिषद की बैठक का एक बड़ा नतीजा यह निकला कि पैकेज्ड दूध पर अब 5% जीएसटी नहीं लगेगा । लेकिन यह यूएचटी दूध के संदर्भ में है। मेहता ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव केवल अति-उच्च तापमान ( यूएचटी) वाले दूध पर लागू होता है। उन्होंने कहा, " जीएसटी 5% से घटाकर शून्य करने से 22 सितंबर से केवल लंबे समय तक इस्तेमाल होने वाले यूएचटी दूध की कीमत कम होगी।"
यह वो दूध है जो टेट्रापैक में आता है या पाउच में भी आता है, लेकिन इसका पैकेट सामान्य से ज़्यादा मोटा होता है। यह अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर मिल्क है, जिसे एक बार खरीदने के बाद, बिना फ्रिज में रखे लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।