क्या पाकिस्तान में फिर होगा सत्ता परिवर्तन? राष्ट्रपति पद के लिए असीम मुनीर का नाम चर्चा में, सियासत गरमाई
India News Live,Digital Desk : पाकिस्तान की राजनीति एक बार फिर उथल-पुथल के दौर में नजर आ रही है। हाल ही में हुई टॉप अधिकारियों की अहम बैठक ने सत्ता परिवर्तन की अटकलों को तेज कर दिया है। चर्चा जोरों पर है कि पाक सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर को देश का अगला राष्ट्रपति बनाया जा सकता है।
यह पहला मौका नहीं है, जब ऐसी अटकलें सामने आई हैं। जुलाई महीने में यह तीसरी बार है जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि असीम मुनीर राष्ट्रपति और बिलावल भुट्टो ज़रदारी देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं। हालांकि, मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इन खबरों को सिरे से खारिज कर चुके हैं।
दो अहम मुलाकातों से बढ़ा सस्पेंस
'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, असीम मुनीर ने हाल ही में राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी से मुलाकात की, और इसके कुछ ही समय बाद वह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मिलने पीएम हाउस पहुंच गए। इन लगातार बैठकों से यह चर्चा और भी तेज हो गई है कि देश की सत्ता में बड़ा बदलाव होने वाला है।
संविधान संशोधन की चर्चा, रक्षा मंत्री ने दिए इशारे
एक और दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान में 27वें संविधान संशोधन की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। इस बीच रक्षा मंत्री ने भले ही राजनीतिक बदलाव की खबरों का खंडन किया हो, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि राष्ट्रपति ज़रदारी इस्तीफा दे सकते हैं। इस बयान को भी असीम मुनीर की संभावित नियुक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है।
शहबाज शरीफ ने क्या कहा?
इन तमाम अटकलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 11 जुलाई को बयान जारी कर स्थिति साफ करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति जरदारी अपना पद छोड़ने वाले नहीं हैं और न ही असीम मुनीर ने राष्ट्रपति बनने की कोई इच्छा जताई है। ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें।"
हालांकि, पाकिस्तान की राजनीति में पहले भी कई बार पर्दे के पीछे से बदलाव हुए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में क्या होता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।