क्या मुनमुन दत्ता बनेंगी 'बिग बॉस 19' की नई सेंसेशन? शो में दिख सकते हैं कई चौंकाने वाले चेहरे और होस्टिंग में बड़ा ट्विस्ट!
India News Live,Digital Desk : 'बिग बॉस 19' को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। फैन्स बेसब्री से इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि इस बार शो में कौन-कौन कंटेस्टेंट बनकर एंट्री करेगा। इस बीच सबसे ज्यादा सुर्खियों में एक नाम छाया हुआ है — मुनमुन दत्ता का। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में 'बबीता जी' के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली मुनमुन को लेकर खबरें हैं कि उन्हें इस बार शो में शामिल होने का ऑफर मिला है।
हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मुनमुन का नाम सामने आने से फैन्स का उत्साह चरम पर पहुंच गया है और सोशल मीडिया पर भी इसकी जमकर चर्चा हो रही है।
कौन हैं मुनमुन दत्ता?
मुनमुन दत्ता टेलीविजन की दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं। 28 सितंबर 1987 को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में जन्मीं मुनमुन ने अंग्रेज़ी में मास्टर डिग्री हासिल की है। अभिनय का शौक उन्हें बचपन से ही था, और कोलकाता में उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर एक बाल गायिका के रूप में भी काम किया। लेकिन असली पहचान उन्हें 'तारक मेहता...' के जरिए मिली।
लता सबरवाल की भी हो सकती है एंट्री
इस सीजन में चर्चा में एक और नाम है — लता सबरवाल। 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में 'अक्षरा की मां' के रूप में लोकप्रिय हुईं लता हाल ही में अपने तलाक को लेकर सुर्खियों में थीं। खबरों के मुताबिक, उन्हें भी 'बिग बॉस 19' में एंट्री मिल सकती है। उनके साथ इस शो में ड्रामा और इमोशंस का जबरदस्त तड़का देखने को मिल सकता है।
15 कंटेस्टेंट और वाइल्ड कार्ड एंट्री का तड़का
शो की शुरुआत में 15 कंटेस्टेंट शामिल किए जाएंगे। वहीं, शो के आगे बढ़ने पर 3 से 5 वाइल्ड कार्ड एंट्रीज भी हो सकती हैं। हर बार की तरह इस बार भी टास्क, विवाद, रिश्ते और गेम की राजनीति दर्शकों का ध्यान खींचेंगी।
इस बार होस्टिंग में भी नया ट्विस्ट
'बिग बॉस' की जान माने जाने वाले सलमान खान इस बार भी शो की शुरुआत करेंगे। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वे सिर्फ शुरुआती तीन महीने तक ही शो को होस्ट करेंगे। इसके बाद फराह खान, करण जौहर और अनिल कपूर बारी-बारी से शो की कमान संभाल सकते हैं। हालांकि, सलमान खान ग्रैंड फिनाले में वापसी करेंगे, ऐसी संभावना जताई जा रही है।