सीढ़ियों के नीचे क्या रखना है शुभ और क्या नहीं : जानिए वास्तु के अनुसार सही उपयोग
India News Live,Digital Desk : हर घर में खाली पड़ी जगह का अधिकतम उपयोग करना आज के समय की जरूरत बन चुका है। खासतौर पर सीढ़ियों के नीचे की खाली जगह अक्सर लोगों का ध्यान खींचती है। लेकिन इस स्थान का उपयोग करने से पहले वास्तु शास्त्र के नियमों को जानना बेहद जरूरी है। क्योंकि यह जगह देखने में तो उपयोगी लग सकती है, लेकिन यहां की ऊर्जा अक्सर अव्यवस्थित और बाधित होती है।
सीढ़ियों के नीचे की ऊर्जा होती है अशांत
वास्तु शास्त्र के अनुसार, सीढ़ियां आमतौर पर घुमावदार या सीधी बनती हैं, जिसकी वजह से इनके नीचे की जगह पर सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बाधित हो जाता है। ऐसे में इस स्थान का गलत उपयोग घर के वातावरण और परिवार के सदस्यों की सेहत व मानसिक स्थिति पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
यहां ये चीजें न रखें
1. पालतू जानवरों की जगह न बनाएं
अगर आप सोच रहे हैं कि अपने पालतू जानवरों को सीढ़ियों के नीचे आराम की जगह दी जाए, तो यह विचार त्याग दें। यहां की अशांत ऊर्जा उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। वे चिड़चिड़े हो सकते हैं या बीमार भी पड़ सकते हैं।
2. पढ़ाई की जगह से परहेज करें
सीढ़ियों के नीचे स्टडी टेबल लगाकर बच्चों को वहां पढ़ने के लिए बिठाना उनकी एकाग्रता को भंग कर सकता है। इस जगह की निगेटिव एनर्जी से बच्चा पढ़ाई में मन नहीं लगा पाएगा और उसका फोकस लगातार भटकेगा।
3. मंदिर या पूजा स्थल न बनाएं
सीढ़ियों के नीचे भगवान की मूर्तियों या मंदिर का स्थान बनाना वास्तु दोष की श्रेणी में आता है। चूंकि सीढ़ियों पर चलकर ऊपर-नीचे जाया जाता है, इसका मतलब भगवान के ऊपर पैर रखना होता है। यह घर की सुख-शांति को प्रभावित कर सकता है।
4. पैसों से जुड़ी अलमारी भी न रखें
वास्तु के अनुसार, मां लक्ष्मी और कुबेर धन के प्रतीक माने जाते हैं। ऐसे में अगर आप सीढ़ियों के नीचे पैसे या कीमती सामान रखने वाली अलमारी रखते हैं, तो आर्थिक समस्याएं हो सकती हैं और घर में धन की स्थिरता नहीं रहेगी।
क्या रख सकते हैं सीढ़ियों के नीचे?
स्टोरेज के रूप में करें उपयोग: इस जगह को अगर सही तरीके से स्टोर रूम की तरह इस्तेमाल किया जाए, तो कोई वास्तु दोष नहीं होता। आप यहां गैर-जरूरी चीजें, पुराने सामान या कम उपयोग होने वाले बर्तन रख सकते हैं।
जूते-चप्पल का रैक: इस जगह को शू रैक के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
डेकोरेटिव पौधे: यदि आप कुछ सुंदरता जोड़ना चाहते हैं, तो यहां छोटे गमले या पौधे रख सकते हैं। यह घर को हरा-भरा और आकर्षक लुक देता है।