रणबीर के 'राम' बनने पर क्या बोलीं अमीषा पटेल? फिल्म की कास्टिंग और बजट को लेकर दिया बड़ा बयान
बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल (Ameesha Patel) इन दिनों अपनी हालिया स्पॉटिंग और बयानों को लेकर चर्चा में हैं। जब हाल ही में उन्हें मुंबई में स्पॉट किया गया, तो मीडिया ने उनसे निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित मेगा-बजेट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) और उसके ट्रेलर को लेकर सवाल किए। इस दौरान अमीषा ने फिल्म को लेकर अपनी शुभकामनाएं दीं और इसके ऐतिहासिक महत्व पर खुलकर बात की।
रामानंद सागर की 'रामायण' को मानती हैं बड़ा बेंचमार्क
फिल्म के ट्रेलर और इसे मिल रहे रिस्पॉन्स पर बात करते हुए अमीषा पटेल ने कहा, "अच्छा लगा... आशा करती हूं कि वो फिल्म अच्छी जाए क्योंकि ये हमारी एक ऐतिहासिक कहानी है। माइथोलॉजिकल एपिक है... बचपन से हम लोग रामानंद सागर जी की रामायण देख रहे हैं... तो वो बेंचमार्क एक हमारे दिमाग में है... तो आशा है कि फिल्म अच्छी जाए। टीम को ऑल द बेस्ट।"
जब एक्ट्रेस से रणबीर कपूर की बतौर 'भगवान राम' कास्टिंग और इसे लेकर हो रही तुलनाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है हर एक ने अपना किरदार अच्छे से किया है। अभी फिल्म देखना बाकी है तो फिल्म देखकर पता चलेगा कि कैसे दिखेंगे। बहुत मुश्किल है सबके लिए ये किरदार, आप जानते हो, पुराने रामायण को बीट करना... एक बहुत बड़ा टास्क है।"
फिल्म की स्टार कास्ट और भारी-भरकम बजट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी और भव्य फिल्मों में से एक है:
मुख्य कलाकार: फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।
अन्य दिग्गज: इनके अलावा फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारी और शीबा चड्ढा जैसे कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
4000 करोड़ का मेगा बजट: इस फिल्म को नमित मल्होत्रा और साउथ सुपरस्टार यश मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये है, जो इसे भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बनाता है।
जब राम का किरदार निभाने से डर गए थे रणबीर कपूर
कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में खुद रणबीर कपूर ने खुलासा किया था कि शुरुआत में वह भगवान राम का किरदार निभाने के लिए तैयार नहीं थे। उन्हें लगा था कि वह इस आइकॉनिक किरदार के साथ पूरा इंसाफ नहीं कर पाएंगे। हालांकि, बेटी राहा के जन्म के बाद उनकी सोच बदली और उन्हें यह एक बहुत ही प्यारा कोइंसिडेंस लगा, जिसके बाद उन्होंने इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का फैसला किया।
कब रिलीज होगी 'रामायण'?
दर्शकों के बीच बेसब्री से इसका इंतजार किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज रणनीति के तहत, 'रामायण' का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।