जब सलमान खान बनने वाले थे 'राम'! बॉलीवुड की वे 3 'रामायण' फिल्में जो कभी बड़े पर्दे पर आ ही नहीं पाईं
निदेशित तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बन रही मेगा-बजेट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) इन दिनों सिनेमा जगत में सबसे बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बज है और यह इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। हालांकि, भगवान राम के जीवन पर आधारित इस महाकाव्य को पर्दे पर उतारने की कोशिश पहली बार नहीं हो रही है। इससे पहले भी कई दिग्गज फिल्ममेकर्स ने 'रामायण' बनाने का सपना देखा था, लेकिन किन्हीं वजहों से वे प्रोजेक्ट्स कभी धरातल पर आ ही नहीं पाए। आइए जानते हैं उन चर्चित 'रामायण' फिल्मों के बारे में जो डिब्बाबंद हो गईं:
1. सोहेल खान की 'रामायण' (सलमान खान और सोनाली बेंद्रे)
बॉलीवुडशादी की रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक समय अभिनेता-निर्देशक सोहेल खान बड़े पैमाने पर फिल्म 'रामायण' बनाने की योजना बना रहे थे।
कास्टिंग: इस फिल्म के लिए सोहेल ने अपने भाई सलमान खान को भगवान राम के किरदार के रूप में चुना था, जबकि माता सीता के रोल के लिए सोनाली बेंद्रे को फाइनल किया गया था।
क्यों बंद हुई फिल्म: इस प्रोजेक्ट में बाद में पूजा भट्ट भी शामिल हो गईं। हालांकि, चर्चा यह थी कि इस दौरान पूजा और सोहेल के बीच नजदीकी बढ़ने लगी थी, जिसका कड़ा विरोध सलीम खान ने किया था। परिवार के हस्तक्षेप और विवादों के चलते पूजा भट्ट फिल्म से बाहर हो गईं और धीरे-धीरे यह पूरा प्रोजेक्ट ही ठंडे बस्ते में चला गया।
2. राजकुमार संतोषी की मेगा-बजेट 'रामायण'
लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट मैगजीन 'सिरका' की रिपोर्ट्स के अनुसार, जाने-माने निर्देशक राजकुमार संतोषी प्रोडक्शन हाउस 'के सेरा सेरा' के साथ मिलकर एक ग्रैंड 'रामायण' फिल्म बनाना चाहते थे।
भारी-भरकम बजट: उस दौर में उन्होंने इस फिल्म के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का भारी बजट तय किया था।
बदलाव भरे समीकरण: रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजकुमार संतोषी इस फिल्म में ऋतिक रोशन को भगवान राम और रणबीर कपूर को लक्ष्मण के किरदार में देखना चाहते थे। वहीं, कुछ अन्य रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया कि वह अजय देवगन को राम और रितेश देशमुख को लक्ष्मण के रूप में कास्ट करना चाहते थे। हालांकि, बात आगे नहीं बढ़ पाई और यह फिल्म कभी बन नहीं सकी।
3. संजय खान की 'द लीजेंड ऑफ राम'
साल 2008 में फिल्ममेकर संजय खान ने बड़े धूमधाम से अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म 'द लीजेंड ऑफ राम' (The Legend of Ram) की घोषणा की थी।
शानदार स्टारकास्ट: संजय खान इस प्रोजेक्ट में ऋतिक रोशन को भगवान राम, उनके अपने बेटे जायद खान को लक्ष्मण और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को राजा दशरथ के अहम किरदार में कास्ट करना चाहते थे।
अधूरी रही घोषणा: कागजी तौर पर यहकाफी दमदार प्रोजेक्ट लग रहा था, लेकिन फाइनेंसियल और अन्य तकनीकी कारणों के चलते यह फिल्म कभी फ्लोर पर नहीं आ पाई।
अब नितेश तिवारी की 'रामायण' से रचेगा इतिहास
पुरानी असफल कोशिशों के विपरीत, वर्तमान में नितेश तिवारी की 'रामायण' एक हकीकत बनकर बड़े पर्दे पर उतरने को तैयार है। नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और लगभग 4000 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता), रवि दुबे (लक्ष्मण), यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर और दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।