'हम खुदकुशी कर लेंगे...' महाकुंभ फेम मोनालिसा ने फरमान खान से शादी के बाद क्यों दी जान देने की धमकी? सानोज मिश्रा पर लगाए गंभीर आरोप
India News Live,Digital Desk :'महाकुंभ' के जरिए रातों-रात चर्चा में आईं वायरल गर्ल मोनालिसा और उनके पति फरमान खान इस समय गहरे संकट में हैं। मुस्लिम प्रेमी फरमान खान से शादी करने के बाद मोनालिसा ने अब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई है। अभिनेत्री ने साफ तौर पर कहा है कि अगर सरकार ने उनकी मदद नहीं की, तो उनके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचेगा। केरल के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई इस शादी के बाद से ही यह जोड़ा लगातार धमकियों और विवादों का सामना कर रहा है।
लव जिहाद के आरोपों और जान से मारने की धमकियों ने बढ़ाई मुश्किलें
मोनालिसा के परिवार ने इस शादी का कड़ा विरोध किया है और फरमान खान पर 'लव जिहाद' के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मोनालिसा ने बताया कि उनकी शादी के बाद से ही उनके पोस्टर सरेआम जलाए जा रहे हैं और उन्हें जान से मारने की लगातार धमकियां मिल रही हैं। अभिनेत्री ने रुंधे गले से कहा, "अब हमारे पास केवल एक ही विकल्प बचा है। अगर दिल्ली, मध्य प्रदेश और केरल की सरकारें हमारी सुरक्षा के लिए आगे नहीं आतीं, तो हम दोनों अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेंगे। समाज और कट्टरपंथी ताकतें हमें जीने नहीं दे रही हैं।"
निर्देशक सानोज मिश्रा पर शोषण और गंदगी फैलाने का सनसनीखेज आरोप
इस विवाद में फिल्म निर्देशक सानोज मिश्रा का नाम भी जुड़ गया है। सानोज मिश्रा ने हाल ही में बयान दिया था कि उन्हें मोनालिसा का नाम लेने में भी शर्म आती है और वह उन्हें अपनी फिल्म का हिस्सा नहीं बनाएंगे। इस पर पलटवार करते हुए मोनालिसा ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "सानोज मिश्रा एक नीच इंसान है, जो फिल्मों के नाम पर भोली-भाली लड़कियों का शोषण करता है। मैं खुद ऐसे इंसान के साथ काम नहीं करना चाहती। मुझे उसका नाम लेने में घिन आती है। मैं सरकारों से हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि वे सानोज जैसे लोगों के कुकर्मों की जांच करें और हमें इंसाफ दिलाएं।"
फरमान खान की सफाई: 'मेरा जन्म मुस्लिम परिवार में होना ही मेरी गलती बन गई'
विवादों के केंद्र में आए फरमान खान ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। खुद पर लगे 'आतंकवादी' और 'लव जिहादी' के आरोपों को खारिज करते हुए फरमान ने कहा कि वह बचपन से आर्य समाज से जुड़े रहे हैं और नियमित पूजा-पाठ करते रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं कोई आतंकवादी नहीं, बल्कि एक छोटा सा कलाकार हूं। मेरी सिर्फ इतनी गलती है कि मेरा जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ, इसलिए मुझे निशाना बनाया जा रहा है। हमारे पास पैसे खत्म हो रहे हैं और हमें काम करने नहीं दिया जा रहा है। अगर स्थितियां नहीं बदलीं, तो बिना पैसों के जीने से अच्छा हम मरना पसंद करेंगे।”