पंजाब-हरियाणा में बाढ़ का कहर, बांधों का जलस्तर खतरे के निशान पर
India News Live,Digital Desk : उत्तर भारत इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों के हालात बेहद चिंताजनक हैं। पंजाब की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है, जहां करीब 2,000 गांव पानी में डूब गए हैं। राज्य में बाढ़ का संकट गहरा गया है। इसी हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर हालात का जायज़ा लेंगे।
पीएम मोदी का दौरा
सरकारी सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेंगे। लगातार बारिश ने उत्तर भारत के कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कें बह गई हैं, घरों को नुकसान हुआ है और कई लोगों की जानें चली गई हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कई इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
बांधों पर बढ़ा दबाव
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने बताया कि बांधों में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बांधों से पानी छोड़ा न जाता, तो पंजाब में जून तक ही बाढ़ आ जाती। इस साल पौंग डैम से 11.7 अरब घन मीटर पानी छोड़ा गया, जो 1988 में छोड़े गए पानी से काफी ज्यादा है।
कश्मीर और राजस्थान में भी खतरा
जम्मू-कश्मीर की वुलर झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों के गांवों में बाढ़ का डर है। राजस्थान के दौसा में मोरल डैम भर गया है, वहीं अजमेर में बोराज झील की दीवार टूटने से करीब 1,000 घरों में पानी भर गया। वैज्ञानिकों ने अरुणाचल प्रदेश में ग्लेशियर पिघलने के कारण झील टूटने की आशंका भी जताई है।
यात्रा पर असर और सड़कें बंद
भारी बारिश के बाद चारधाम यात्रा फिर से शुरू हो गई है, लेकिन कुछ हाईवे बंद होने के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा अभी संभव नहीं है। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से हालात और बिगड़ गए हैं। यहां चार नेशनल हाइवे और 1,087 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में मलबे से तीन शव मिले हैं और किन्नौर में एक कृत्रिम झील बन गई है।
सेना की तैनाती
हरियाणा में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालात पर काबू पाने के लिए सेना को बुलाया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है।