ट्रंप के 50% टैरिफ फैसले पर अमेरिका में हंगामा, टॉक शो होस्ट्स ने उड़ाया मजाक
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-11 15:28:00
India News Live,Digital Desk : भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही देश में आलोचना के घेरे में आ गए हैं। लेट-नाइट टॉक शो के मशहूर होस्ट स्टीफन कोलबर्ट और जिमी फॉलन ने ट्रंप के इस कदम पर जमकर तंज कसे।
जिमी फॉलन ने अपने शो में चुटकी लेते हुए कहा, "दोस्तों, राष्ट्रपति ने कनाडा, ब्राजील और भारत समेत 90 से ज्यादा देशों पर टैरिफ लगा दिया है। बस उत्तर कोरिया और एपस्टीन आइलैंड को छोड़कर।" उन्होंने व्यंग्य किया कि इस फैसले से अमेरिका में केले, आम, अनानास और यहां तक कि टॉयलेट पेपर तक महंगा हो जाएगा।
स्टीफन कोलबर्ट ने कहा कि भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने से रूई के फाहे और पट्टियों जैसी ज़रूरी चीज़ों की कीमतें बढ़ जाएंगी। वहीं, ब्राजील पर भी यही टैरिफ लगाने से अमेरिकी मांसप्रेमियों को झटका लगेगा, क्योंकि ब्राजील से अमेरिका में बड़ी मात्रा में बीफ़ आता है। इसके अलावा, स्विट्ज़रलैंड पर 39 प्रतिशत टैरिफ से रोलेक्स जैसी लग्ज़री घड़ियों के दाम बढ़ेंगे।
ट्रंप के अनुसार, भारत रूस से तेल खरीदकर अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहा है, और वे चाहते हैं कि अमेरिकी डेयरी उत्पाद भारत के बाज़ार में आसानी से बिकें। हालांकि, मोदी सरकार ने साफ कहा है कि राष्ट्रीय हित और किसानों के कल्याण से कोई समझौता नहीं होगा, और रूस से तेल खरीदना भारत के लिए लाभकारी है।