शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने घोषित की पहली पारी, यशस्वी जायसवाल ने जमाया शतक
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-11 17:07:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित कर दी है। 135वें ओवर की दूसरी गेंद पर ध्रुव जुरेल (44 रन) रोस्टन चेज़ की गेंद पर बोल्ड हो गए। जुरेल के आउट होते ही कप्तान गिल ने पारी घोषित करने का संकेत दिया।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज (11 अक्टूबर) मैच का दूसरा दिन है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित कर दी। शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन बनाए, जबकि यशस्वी ने 175 रन बनाए।
शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने अहमदाबाद में खेले गए सीरीज़ के पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हरा दिया। इस तरह भारतीय टीम टेस्ट सीरीज़ में 1-0 से आगे चल रही है।
मैच का पहला दिन पूरी तरह से भारतीय टीम के पक्ष में रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने 58 रनों की ओपनिंग साझेदारी कर मजबूत शुरुआत दिलाई। राहुल आखिरकार 38 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद यशस्वी और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 193 रनों की साझेदारी की। यशस्वी ने 145 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सातवां शतक है। सुदर्शन ने अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक भी बनाया। सुदर्शन ने 165 गेंदों का सामना किया और 12 चौकों की मदद से 87 रन बनाए। सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी ने सुनिश्चित किया कि भारतीय टीम को पहले दिन कोई और नुकसान न हो।
दूसरे दिन जब खेल शुरू हुआ तो यशस्वी जायसवाल से दोहरा शतक लगाने की उम्मीद थी, लेकिन वह दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए। यशस्वी ने 258 गेंदों में 22 चौकों की मदद से 175 रन बनाए। यशस्वी के आउट होने के बाद शुभमन गिल और नितीश कुमार रेड्डी ने तेज़ी से रन बनाते हुए चौथे विकेट के लिए 91 रन जोड़े। इस साझेदारी के दौरान शुभमन ने 95 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान नितीश 43 रन बनाकर आउट हुए। नितीश ने 54 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए।