Trump's statement : भारत पर फिलहाल नया प्रतिबंध नहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध पर चुप्पी

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इस समय रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर कोई नया प्रतिबंध लगाने की योजना नहीं बना रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि आने वाले दो से तीन हफ्तों में इस विषय पर वह टैरिफ लगाने पर विचार कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई कदम उठाने की ज़रूरत नहीं है।

भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि रूस अपने एक बड़े ग्राहक को खो चुका है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि चीन पर इसी तरह का टैरिफ लगाया जाए, तो यह रूस के लिए बेहद विनाशकारी साबित होगा। ट्रंप ने कहा, "अगर मुझे ज़रूरी लगा, तो मैं ऐसा करूँगा, लेकिन हो सकता है कि ऐसा करना ही न पड़े।"

6 अगस्त को ट्रंप ने भारत पर रूस से तेल खरीदने के लिए 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जो 27 अगस्त से लागू होना है। इसके बाद भारत पर कुल टैरिफ 50% तक पहुँच जाएगा। हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया है कि ट्रंप की इन चेतावनियों के बावजूद रूस से तेल आयात जारी रहेगा।

15 अगस्त को अलास्का में राष्ट्रपति पुतिन और ट्रंप की मुलाकात हुई थी। भारत ने इस मुलाकात का स्वागत किया और कहा कि पूरी दुनिया अब रूस-यूक्रेन युद्ध के अंत की उम्मीद कर रही है। यह बैठक लगभग तीन घंटे तक चली, लेकिन इसके बाद केवल 12 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध पर कोई ठोस अपडेट नहीं दिया और न ही पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया।