Trump's big statement : मोदी के साथ जल्द व्यापार समझौता, भारत को बताया ‘टफ और जबरदस्त लीडर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-29 17:29:00
India News Live,Digital Desk : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने एशिया दौरे के आखिरी चरण में दक्षिण कोरिया से एक अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत जल्द ही लंबे समय से अटके व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं।
ट्रंप ने बताया कि इस समझौते पर कई महीनों से बातचीत चल रही है। वार्ता के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध और भारत की ओर से रूस से तेल खरीद जैसे मुद्दों पर मतभेद सामने आए थे। साथ ही टैरिफ (शुल्क) और बाजार पहुंच को लेकर भी दोनों देशों के बीच असहमति बनी रही।
उन्होंने कहा, “अगर आप भारत और पाकिस्तान को देखें तो मैं भारत के साथ व्यापार समझौता कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान और स्नेह है। हमारे रिश्ते काफी अच्छे हैं।”
जानकारी के मुताबिक, भारत ने अब तक अपने डेयरी और कृषि उत्पादों के बाजार को अमेरिका के लिए खोलने से इनकार किया था। यही वजह रही कि वार्ता बार-बार अटक जाती थी। हालांकि, हाल ही में यह संकेत मिले हैं कि अगर भारत रूसी तेल खरीद कम करने पर सहमत होता है, तो अमेरिका भी टैरिफ घटाकर करीब 16 प्रतिशत तक कर सकता है।
ट्रंप ने फिर की मोदी की तारीफ
दक्षिण कोरिया में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा,
“मैं भारत के साथ एक शानदार व्यापार समझौता कर रहा हूं। प्रधानमंत्री मोदी एक जबरदस्त इंसान हैं। वह न सिर्फ शानदार दिखते हैं बल्कि बेहद मजबूत नेता हैं। मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान और प्यार है।”
ट्रंप ने पाकिस्तान को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान उन्होंने दोनों देशों पर सीजफायर का दबाव बनाया था। ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों देश परमाणु संपन्न हैं, इसलिए किसी भी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना जरूरी है।